बठिंडा। सिविल अस्पताल के पीछे बने एक निजी अस्पताल के प्रबंधन पर मरीज की सही जानकारी न देने के आरोप लगाते हुए मरीज के परिजनों ने सोमवार को अस्पताल के सामने हंगामा किया। जिसके बाद पहुंची पुलिस को मरीज के परिजनों ने शिकायत देकर जांच की मांग की है।
जानकारी के अनुसार फाजिल्का निवासी राधा कृष्ण की 4 मई को तबीयत खराब हो गई थी। परिजनों ने उन्हें निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया था। मरीज के बेटे आकाश ने बताया कि पिता राधा कृष्ण को अस्पताल में दाखिल करने के बाद अस्पताल प्रबंधक लगातार गुमराह करता रहा व बिल बनाने को तरजीह देता रहा। उनके पास हेल्थ इंश्योरेंस का कार्ड था, जिसके बारे में उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को पहले से जानकारी दी थी। इसके बाद रोजाना अस्पताल की तरफ से उन्हें जो रिपोर्ट दी जाती थी, उसमें बताया जाता रहा कि राधा कृष्ण की तबीयत में सुधार हो रहा।
आकाश ने बताया कि जिद करने के बाद रविवार को रात 11 बजे कोविड केयर सेंटर के बाहर से उन्हें पिता से मिलाया गया तो उनकी तबीयत सामान्य लग रही थी। बेटे ने बताया कि उन्हें कहा गया कि सोमवार को दोपहर दो बजे पिता के कुछ टेस्ट करवाए जाने हैं, जिसके बाद बताएंगे कि उनकी सेहत कैसी है। आकाश ने बताया कि जब वह घर गए तो अस्पताल से सोमवार को सुबह उन्हें एक फोन आया कि उनके पिता की रविवार रात को मौत हो चुकी है।
मृतक के बेटे ने आरोप लगाया कि अस्पताल प्रबंधन उनके पिता की मौत के समय को लेकर गलत जानकारी देता रहा। फाइल में मौत रात की लिखी गई है, लेकिन उन्हें पिता की मौत की समय पर सूचना नहीं दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल प्रबंधन पैसे बनाने की होड़ में मरीजों की जिंदगी से खिलवाड़ कर रहा है। लाखों रुपये का बिल बनाने व उसमें वसूली करने के बाद भी परिजनों को गुमराह किया जा रहा। उन्होंने इस मामले की पुलिस के पास शिकायत दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल प्रबंधन अपनी गलतियां छिपाने के लिए अब झूठ बोल रहा है, जिसमें कहा जा रहा कि अस्पताल के कर्मी रात को उन्हें फोन कर रहे थे, लेकिन कोई फोन नहीं उठा रहा था।
आकाश ने कहा कि अस्पताल की फाइल में उन्होंने तीन फोन नंबर दिए हैं व किसी भी फोन पर कोई कॉल नहीं आई है। दूसरी तरफ मामले में सिविल अस्पताल चौकी ने बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। सिविल अस्पताल पुलिस चौकी के एएसआई बलजिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही और जांच के बाद ही असलियत सामने आएगी।