गिल रोड स्थित पेट्रोल पंप पर बोतल में पेट्रोल देने से मना करने पर कारिंदे को पीटा और उससे 14 हजार रुपये की नकदी छीनकर युवक फरार हो गए। यह वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। थाना डेहलो पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
गुरुनानक कॉलोनी निवासी गुरविंदर सिंह ने पुलिस को शिकायत में बताया कि वह गिल रोड स्थित जीएनई कॉलेज के ठीक सामने पेट्रोल पंप पर सेल्समैन है। उसके साथ बॉबी मलिक पेट्रोल पंप पर बतौर सेल्समेन काम करता है। 28 अगस्त को रात लगभग 9:30 बजे दोपहिया सवार दो युवकों ने स्कूटी में 100 रुपये का पेट्रोल डलवाया। इसके बाद उन्होंने एक बोतल में 80 रुपये का पेट्रोल डालने को कहा। उसके सहयोगी बाबी मलिक ने प्रशासन के आदेशों का हवाला देते हुए बोतल में तेल देने से साफ मना कर दिया। इस पर दोनों युवक बेवजह बहस करने लगे। युवकों कहना शुरू कर दिया कि उन्होंने स्कूटी में पेट्रोल कम डाला है और इसकी वीडियो बनानी शुरू कर दी। इसके बाद दोनों युवक फरार हो गए। लगभग आधे घंटे के बाद आरोपी कुछ साथियों के साथ दोबारा पेट्रोल पंप पर आ धमके। उनके हाथों में डंडे व लोहे की रॉड ले रखी थी। आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया और 14 हजार रुपये नकदी छीनकर फरार हो गए।