स्वामी विवेकानंद पंजाब स्टेट रूरल गेम्स फॉर ब्वायज अंडर-16 का आयोजन लुधियाना के गुरु नानक देव स्टेडियम में किया जा रहा है।
इसमें सूबे के तमाम जिलों के करीब 2500 खिलाड़ी जीत के लिए पसीना बहाएंगे। नौ से 11 नवंबर तक चलने वाले इन खेलों में एथलेटिक्स, बास्केटबॉल, बाक्सिंग, फुटबॉल, हाकी, हैंडबॉल, जूडो, खो-खो, कबड्डी, वालीबाल, वेटलिफ्टिंग एवं कुश्तियों के मुकाबले कराए जाएंगे।
यह जानकारी खेल विभाग पंजाब के असिस्टेंट डायरेक्टर रुपिंदर रवि ने शुक्रवार को स्टेडियम में आयोजित कांफ्रेंस के दौरान दी। नौ नवंबर को पंजाब के मुख्य संसदीय सचिव पवन कुमार टीनू इनका शुभारंभ करेंगे।
जबकि 11 नवंबर को समापन समारोह में लोक निर्माण मंत्री शरण जीत सिंह ढिल्लों विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित करेंगे।
रवि ने कहा कि इन खेलों की सफलता के लिए 200 अधिकारियों को तैनात किया गया है। इन खेलों को लेकर युवाओं में खासा उत्साह है। इस अवसर पर जिला खेल अधिकारी करतार सिंह भी खास तौर पर मौजूद रहे।