पुलिस कार्यप्रणाली और लोगों के बीच पुलिस के तालमेल को सही करने के लिए पुलिस कमिश्नर राकेश अग्रवाल ने नया काम शुरू किया है। पुलिस कमिश्नर ने अब महानगर के थानों के बीच में मुकाबले कराने की तैयारी शुरू कर दी है। जो थाना पहले नंबर पर आएगा उसे तीन लाख रुपये तक का नकद इनाम दिया जाएगा, जबकि दूसरे नंबर पर रहने वाले को एक लाख और तीसरे नंबर पर रहने वाले थाने को पचास हजार रुपये बतौर इनाम दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अगर किसी थाने में कोई कमी पाई गई या फिर किसी थाने के मुलाजिम के कारण थाने में कोई प्रदर्शन या फिर कुछ हुआ तो उसके नंबर कटेंगे और उस थाने पर कार्रवाई भी की जाएगी।
पुलिस कमिश्नर ने राकेश अग्रवाल ने बताया कि महानगर में 29 थाने हैं। पांच-पांच के ग्रुप बनाए गए हैं। थाना प्रमुखों को थाने में सुधार जैसे लोगों के बैठने की जगह, बाथरूम, पानी की व्यवस्था, रिसेप्शन, वेटिंग रूम, हेल्प डेस्क के साथ साथ कमरे के बाहर नेम प्लेट पर नाम सही लिखे हैं या नहीं। इसके अलावा पुलिस थानों की क्राइम डिटेक्शन के लिए क्या एक्टिविटी रही, इस पर भी ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा यह मार्क्स सौ नंबर में से दिए जाएंगे। सभी थाना प्रभारियों को दो महीने का समय दिया गया है। मार्क्स देने के लिए एक कमेटी का गठन किया जाएगा। जिसमें पुलिस अधिकारी और कुछ लोगों को भी शामिल किया जाएगा। जो थानों की परफार्मेंस चेक करेंगे और मार्क्स देंगे। कमेटी थाने के अंदर कार्यप्रणाली को चेक करेगी। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि यह सब बेहतर बनाने के लिए मुकाबले कराए जा रहे हैं, ताकि थाने के मुलाजिमों को भी ध्यान में रहे कि उनके सीनियर अधिकारी उन्हें अपने दफ्तरों में बैठकर देख रहे हैं। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि कमेटी नेगेटिविटी को भी चेक करेगी। जिसके बीस नंबर काटे जाएंगे। अगर थाने के खिलाफ कुछ होता है, मुलाजिम किसी कारण सस्पेंड होता है या फिर जो थाना अच्छी परफार्म नहीं करेंगे उनके खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी।