संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। लुधियाना में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर)-2026 के तहत रविवार को वोटर सूची के विशेष पुनरीक्षण कार्य की समीक्षा की गई। यह समीक्षा भारतीय निर्वाचन आयोग के निर्देश पर हुई। रोल ऑब्जर्वरों ने मतदाताओं की समस्याओं के तत्काल समाधान के निर्देश दिए।
बैठक बचत भवन, मिनी सचिवालय में आयोजित हुई। इसमें रोल ऑब्जर्वरों के साथ उपायुक्त हिमांशु जैन भी मौजूद थे। जिले के सांसद, विधायक और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी बैठक में शामिल हुए। उपायुक्त जैन ने बताया कि निर्वाचन आयोग की समय-सीमा के अनुसार प्रक्रिया पारदर्शी ढंग से पूरी की जा रही है। एसआईआर-2026 के तहत मतदाता 13 अगस्त से 12 सितंबर तक दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकते हैं। इसके लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यम उपलब्ध हैं। राजनीतिक दलों ने मतदाताओं को आ रही परेशानियों से अधिकारियों को अवगत कराया। रोल ऑब्जर्वरों ने इन समस्याओं को गंभीरता से लिया। पंजाब सरकार के अर्शदीप सिंह थिंद को लुधियाना के सात विधानसभा क्षेत्रों का रोल ऑब्जर्वर नियुक्त किया गया है। वरुण रूजम को भी सात अन्य विधानसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी दी गई है। रोल ऑब्जर्वरों ने जिला निर्वाचन अधिकारी और सभी निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने पोलिंग बूथों की रेशनलाइजेशन से संबंधित कमियों को दूर करने को भी कहा। विशेष कैंपों के दौरान एसआईआर प्रक्रिया की जांच भी की गई।