प्रदेश के विभिन्न विभागों में रुपये देकर नौकरी हासिल करने वाली युवतियों को विजिलेंस की टीम जल्द गिरफ्त में लेने की तैयारी में है। इसके तहत एक विशेष महिला टीम गठित की गई है। विजिलेंस ने भर्ती घोटाले में अब तक 24 गिरफ्तारियां कर ली हैं, जिनमें सबसे ज्यादा लोग मालवा और बठिंडा से संबंधित हैं। इसके अलावा विजिलेंस की ओर से अकाली पार्षद शाम लाल की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार बठिंडा, मानसा, फरीदकोट और मुक्तसर से 20 से ज्यादा ऐसी युवतियां हैं, जिन्होंने गिद्दड़बाहा के अकाली पार्षद शाम लाल को लाखों रुपये देकर उसके जरिये सरकारी नौकरी हासिल की है। सूत्रों ने बताया कि आगामी कुछ दिनों में विजिलेंस शाम लाल की गिरफ्तारी का बड़ा खुलासा कर सकता है।
सूत्रों के अनुसार विजिलेंस की की टीम ने सोमवार को भी अकाली पार्षद के घर पर छापामारी की थी, लेकिन वह हाथ नहीं लगा। इस भर्ती घोटाले से संबंधित कुछ लोगों की गिरफ्तारी के लिए विजिलेंस की टीम ने लखनऊ में कई जगह पर छापामारी की थी, लेकिन कोई आरोपी हाथ नहीं लगा।
सूत्रों ने बताया कि लाखों रुपये लेकर सरकारी नौकरी दिलाने वाले अकाली पार्षद शाम लाल की गिरफ्तारी विजिलेंस के लिए बेहद अहम है। क्योंकि उसकी गिरफ्तारी से इस पूरे मामले के पीछे छिपे सफेदपोश लोगों के नाम सामने आएंगे।
सूत्रों ने बताया कि विजिलेंस प्रदेश के विभिन्न विभागों के उन बडे़ अधिकारियों की भी जांच कर रहा है, जिन पर पहले भ्रष्टाचार के आरोप तले मामले दर्ज हो चुके हैं। जल्द ही विजिलेंस ऐसे बडे़ अधिकारियों को पूछताछ के लिए तलब करने वाला है।