गर्भवती महिला की मौत के मामले में सोमवार को पुलिस के साथ हुए हिंसक टकराव में आंदोलनकारियों पर इरादा कत्ल के तहत मामला दर्ज करने से माहौल गर्मा गया है। पुलिस का आरोप है कि आंदोलनकारियों ने पुलिस अधिकारियों की जान लेने की कोशिश की थी।
धनौला खुर्द गांव की अमनदीप कौर की शादी गांव सिधाना में हुई थी। बीते सप्ताह उक्त विवाहिता ने सुसराल वालों से तंग आकर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस ने इस बारे में मृतका के पति, सास और ननद के खिलाफ मामला तो दर्ज कर लिया था, लेकिन अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया था।
इसके विरोध में सोमवार को मृतका के परिजन, धनौला खुर्द गांव के ग्रामीण व कई अन्य संगठनों के सदस्यों ने फूल पुलिस थाने के सामने धरना दिया था। इसके बाद पुलिस और आंदोलनकारियों में हिंसक टकराव हुआ था। पुलिस ने लाठीचार्ज के साथ-साथ हवाई फायर भी किए थे।
इस दौरान पांच पुलिस कर्मचारियों समेत कई आंदोलनकारी घायल हो गए थे। पुलिस की एक गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई। फू ल पुलिस का कहना है कि आंदोलनकारियों ने पुलिस पर हवाई फायर करने के अलावा मौके पर तैनात पुलिस अधिकारियों को जान से मारने की कोशिश भी की थी। इसके चलते अज्ञात आंदोलनकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस की ओर से लाठीचार्ज और बाद में आपराधिक मामला दर्ज करने से लोकतांत्रिक संगठनों में रोष है। सीपीआईएमएल के प्रादेशिक नेता हरभगवान भिक्खी ने एक प्रेस नोट में पुलिस की इस कार्रवाई की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होेंने इसके विरुद्घ जोरदार संघर्ष करने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि बुधवार को धनौला खुर्द गांव अमनदीप कौर की अंतिम अरदास के मौके अगले संघर्ष का एलान किया जाएगा।