जिले के सभी विभागों के मिनिस्टीरियल कर्मचारियों की ओर से प्रबंधकीय कांप्लैक्स में रोष रैली कर संघर्ष की शुरुआत की गई। पंजाब सरकार की ओर से टालमटोल की नीति को अपनाने के रोष में राज्य कमेटी की ओर से किए गए फैसले के अनुसार मिनिस्टीरियल कर्मियों की मांगों की पूर्ति तक दफ्तरी काम ठप करने की शुरुआत की।
केवल बांसल जनरल सचिव, बलदेव सिंह सहायक जनरल सचिव नहरी विभाग, मेहरजीत इंद्र सिंह राज्य सीनियर उप प्रधान, सुरिंदर धीर प्रधान हेल्थ विभाग, राजबीर सिंह प्रधान खेतीबाड़ी विभाग, सुखविंद्र सिंह जिला प्रधान शिक्षा विभाग बठिंडा, राम सिंह गिल सुपरिंटेंडेंट शिक्षा विभाग बठिंडा, गुरतेज सिंह जिला प्रधान कर व आबकारी विभाग बठिंडा ने कहा कि पंजाब सरकार की ओर से कर्मचारियों की मानी हुई मांगें लागू करने पर टालमटोल की नीति अपनाई जा रही है। इसका दफ्तरी कर्मचारियों में बहुत रोष पाया जा रहा है।
पीएसएमएसयू बठिंडा के जिला प्रधान मेघ सिंह सिद्धू ने बताया कि कर्मचारी नेताओं ने सरकार को चेतावनी दी कि यदि उनकी सांझी मांगों का जल्द मीटिंग काल कर हल न किया तो दफ्तरी कर्मचारी अपना संघर्ष और तेज करेंगे, यह संघर्ष मांगों की पूर्ति तक जारी रहेगा।