बठिंडा में पानी से सामान निकालते लोग।
- फोटो : अमर उजाला
भारी बारिश से पूरा शहर जलथल हो गया है। जिला प्रशासनिक और न्यायिक अधिकारियों के घरों को बारिश के पानी ने पूरी तरह से घेर लिया। जिले के सेशन जज की कोठी में इतना पानी घुस गया कि वहां काम करने वाले लोगों ने किश्ती चलाकर कोठी से सामान बाहर निकाला।
मौसम विभाग के अधिकारी सुरिंदर सिंह ने बताया कि शनिवार को जिले में 68 एमएम बारिश हुई थी। इसके बाद रविवार को भी दिनभर बादल छाए रहे और देर शाम तेज बारिश हुई। रविवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में बारिश होने की संभावना जताई जा रही है।
बारिश के पानी की निकासी को सही रखने में निगम और त्रिवेणी कंपनी के प्रबंध नाकाम साबित हुए हैं। इसके तहत रविवार को भी जिला प्रबंधकीय कांप्लेक्स के आसपास स्थित जिला प्रशासनिक अधिकारियों की कोठियों के आगे पानी पूरी तरह से जमा रहा। वहीं मानसा रोड पर स्थित ओवरब्रिज पूरी से बारिश के पानी से डूब गया है।
वहां से गुजरने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस वजह से कई ट्रक व कारें उक्त पानी में घंटों तक फंसी रहीं। मुलतानियों रोड पर बने पुल का एक हिस्सा भी बारिश के चलते बह गया है। रविवार शाम तक जिला प्रशासनिक अधिकारियों ने उस तरफ कोई ध्यान नहीं दिया। इस बारे में जानकारी लेने के लिए डिप्टी कमिश्नर डॉ. बसंत गर्ग और पीडब्ल्यूडी विभाग से संपर्क नहीं हो पाया।