फिरोजपुर रोड स्थित एक होटल में शनिवार देर रात पुलिस की छापामारी से अफरातफरी मच गई। पुलिस ने होटल में कमरा किराए पर लेकर जुआ खेलने वाले नौ लोगों को गिरफ्तार कर लिया। यह छापामारी थाना सराभा नगर की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर की। पुलिस को जुआरियों से 5.85 लाख रुपये बरामद हुए। मामले में थाना सराभा नगर की पुलिस ने बसंत एवेन्यू निवासी राजेश शर्मा, बाजवा नगर निवासी हर्ष कुमार, एटीआई रोड स्थित न्यू अमर नगर निवासी मंजीत सिंह, राजगुरु नगर निवासी जसकीरत सिंह उर्फ सन्नी, जगरांव की बाजवा कालोनी निवासी नवीन कुमार, बस्ती जोधेवाल के बाल सिंह नगर निवासी सुरजीत सिंह, ढंढिया मोहल्ला निवासी अमित कुमार, जगरांव के मोहल्ला शास्त्री नगर निवासी अंकुश बांसल, गीता कालोनी निवासी अजय कुमार के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
एसीपी वेस्ट समीर वर्मा ने बताया कि सराभा नगर थाने की पुलिस पार्टी इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक होटल के कमरे में जुआ चल रहा है। कुछ लोग वहां मोटी रकम लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम तैयार की गई और होटल में छापामारी की गई। वहां अंदर कमरे में सभी बैठे जुआ खेल रहे थे। पुलिस ने जुआरियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में नकदी और ताश की गड्डियां बरामद की हैं। एसीपी समीर वर्मा ने बताया कि जुआरियों ने होटल में जुआ खेलने के लिए होटल का कमरा किराए पर लिया था। यहां सभी आरोपी बारी-बारी दाखिल हुए जुआ खेलने लगे।