प्रवर्तन निदेशालय के जालंधर स्थित आफिस की एक टीम शनिवार को स्थानीय कोठी रोड स्थित पराशर मनी एक्चेंजर के दफ्तर व घर पर सर्च कर भारी मात्रा में हवाला राशि बरामद की।
दोपहर बाद आई इस टीम के सदस्य देरशाम समाचार लिखे जाने तक वहां डटे हुए थे। विभाग को करीब 75 लाख रुपये की नकदी मिली है जिसमें 60 लाख भारतीय जबकि बाकी विदेशी करेंसी है। सूत्रों के अनुसार विभाग को इस जगह से हवाला या विदेशी मुद्रा से संबंधित नियमों के खिलाफ काम होने की खबर थी। इसी गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई है।
जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर को करीब दो-ढाई बजे प्रवर्तन निदेशालय के जालंधर स्थित आफिस की एक टीम असिस्टेंट डायरेक्टर नरंजन सिंह की अगुवाई में नवांशहर के कोठी रोड स्थित पराशर मनी एक्चेंजर पहुंची। टीम के कुछ सदस्य उनके न्यू टीचर कालोनी स्थित घर पर पहुंच गए तथा दोनों जगहों पर मौजूद नगदी व विदेशी करेंसी को टीमों ने अपने कब्जे में ले लिया।
सूत्रों के अनुसार टीम को भारी मात्रा में भारतीय व विदेशी करेंसी नोट मिले हैं। टीम ने इस दौरान दुकान से कागजात व अन्य रजिस्टर आदि भी अपने कब्जे में ले लिए तथा उनके साथ पैसों का मिलान भी किया।
टीम की अगुवाई कर रहे प्रवर्तन निदेशालय के असिस्टेंट डायरेक्टर नरंजन सिंह ने देरशाम पत्रकारों से बातचीत में बताया कि विभाग को विदेशी मुद्रा के लेन देने में नियमों का पालन न होने के संबंध में जानकारी मिली थी। उसी आधार पर पराशर मनी एक्चेंजर व उनके निवास पर कार्रवाई की जा रही है। करीब 75 लाख रुपये की भारतीय और विदेशी करेंसी मिली है। इस राशि को पराशर मनी एक्चेंजर की बुक आफ अकाउंटस के साथ मिलाया जाएगा, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।