नशे की लत लगने के बाद गांव बिलासपुर में रहने वाला रिटायर्ड फौजी चूरापोस्त का तस्कर बन गया। एंटी नारकोटिक्स विभाग की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से पचास थैलों में भरी 48 किलो चूरापोस्त बरामद की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी को शनिवार अदालत में पेश किया। जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ करने में जुटी हुई है।
एंटी नारकोटिक्स के इंचार्ज सब-इंस्पेक्टर हरबंस सिंह ने बताया कि पुलिस ने खानपुर इलाके में नहर के पास नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान आरोपी टेंपाे पर सवार होकर किसी को चूरापोस्त सप्लाई करने के लिए जा रहा था। नाकाबंदी देख आरोपी ने टेंपो पीछे घुमा लिया। पुलिस ने पीछा कर आरोपी को कुछ ही दूरी पर काबू कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मध्यप्रदेश में रहने वाले बिंदर नामक एक ड्राइवर से चूरापोस्त लेकर आता था। वह लुधियाना के आसपास इलाकों में चूरापोस्त बेचता था। आरोपी फौज से रिटायर्ड होने के बाद खेती करते समय चूरापोस्त का सेवन करने लगा, लेकिन नशे का खर्च पूरा न होने के चलते उसने शार्ट कट तरीके से पैसे कमाने की सोची और नशा बेचने लगा। पुलिस ने आरोपी को काबू कर लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ करने में जुटी हुई है।