ट्रेन में सवार यात्रियों को नशीला पदार्थ खिलाकर लूटने वाले जहरखुरानी गिरोह के सदस्यों ने दो मजदूरों को लूट लिया। घटना का पता उस समय चला जब ट्रेन में सवार पुलिस मुलाजिमों ने दोनों को बेहोश देखा।
उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी लुधियाना आरपीएफ को दी। आरपीएफ ने जीआरपी की मदद से दोनों को सिविल अस्पताल में दाखिल कराया। जहां दोनों की पहचान मुन्ना व परमेश्वर के रूप में हुई है। जीआरपी ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अस्पताल में दाखिल दोनों मजदूरों की हालत खतरे से बाहर है।
परमेश्वर ने कहा कि वे अमृतसर में मजदूरी करते हैं। रविवार को दोनों ही अमृतसर से सरहसा जाने वाले जनसेवा एक्सप्रेस में सवार होकर घर जा रहे थे। इसी दौरान ट्रेन में चार व्यक्ति उन्हें मिले। उन्होंने उन्हें चाय पीने को कहा, लेकिन उन्होंने मना कर दिया। बार बार कहने पर मुन्ना और उसने चाय पी ली। इसके बाद दोनों की हालत खराब हो गई और वे बेहोश हो गए। जब उन्हें होश आया तो वे सिविल अस्पताल में थे। परमेश्वर के अनुसार उसके पास 14 हजार की नकदी व अन्य कीमती सामान पड़ा था जो गायब हो गए। उसके अलावा आरोपी मुन्ना के कब्जे से सामान चोरी कर फरार हो गए।
थाना जीआरपी के अशोक कुमार ने कहा कि दोनों अभी बयान देने के हालात में नहीं हैं। होश में आने के बाद बयान दर्ज किए जाएंगे और आगे की कार्रवाई की जाएगी। उधर, सिविल अस्पताल में दोनों मजदूरों का इलाज कर रहीं डॉ. जसबीर कौर ने कहा कि दोनों मजदूरों के सैंपल ले लिए गए हैं। सैंपल रिपोर्ट लैब से आएगी उसके बाद कुछ कहा जा सकेगा। अभी तक दोनों मजदूर बेहोश पड़े हैं।