जवद्दी के साथ लगते इलाके प्रकाश कालोनी में पीेने के गंदे पानी के कारण इलाके में डायरिया फैल गया। इस कारण पिता पुत्र सहित तीन की मौत हो गई, जबकि बीस से ज्यादा लोग डायरिया की चपेट में आ चुके हैं।
जिन्हें इलाज के लिए अलग अलग अस्पतालों में दाखिल कराया गया है। डायरिया फैलने की सूचना विभाग को मिली तो हड़कंप मच गया। जल्दबाजी में इलाके में मेडिकल कैंप लगा दिया गया। जहां डायरिया से पीड़ित लोगों का इलाज शुरू कर दिया गया।
डायरिया से मरने वाले लोगों की पहचान सोनू (48) उसका बेटा अमन (6) व अमित कुमार के रूप में हुई है, जबकि सोनू की दो बेटियां मुस्कान और कंचन सहित दो दर्जन के करीब लोग बीमार हैं।
जवद्दी के पास स्थित प्रकाश कालोनी के लोगों का कहना है कि सात दिनों से इलाके में पीने का पानी काफी गंदा आ रहा है।
इलाके के लोगों ने आरोप लगाया कि इलाका पार्षद को भी इसके बारे में शिकायत दी गई थी, लेकिन तब भी कुछ नहीं किया गया। आज जब यह बीमारी के साथ तीन लोगों की मौत हो गई है तो नगर निगम की तरफ से पानी वाला टैंकर भी आ गया और पूरी की पूरी सेहत विभाग की टीम भी कैंप लगाने के लिए पहुंच गई।
सोनू के बड़े बेटे जसकरण ने कहा कि इलाके में काफी गंदा पानी आ रहा था। जिसे पीने के बाद उसका छोटा भाई अमन मंगलवार को बीमार हो गया। उसे इलाज के लिए डाक्टर के पास ले गए थे, लेकिन घर आपने पर उसकी मौत हो गई। उसका अंतिम संस्कार करके घर आने के बाद देर रात को उसके पिता सोनू बीमार पड़ गए। सुबह पांच बजे के करीब दो तीन उल्टी दस्त होने के बाद उसके पिता की भी मौत हो गई। अब उसकी दोनों छोटी बहनें इस बीमारी की चपेट में चुकी हैं।
एक दिन पहले ही आई थी गंदे पानी की शिकायत : धालीवाल
इलाका पार्षद तनवीर सिंह धालीवाल ने कहा कि एक दिन पहले ही इलाके के लोगों ने उन्हें शिकायत की थी कि इलाके में पानी गंदा आ रहा है। उन्होंने उसके बाद तुरंत पीने के पानी का टैंकर भेज दिया था। इलाके में पानी की समस्या काफी समय से है। इलाके में ट्यूबवेल भी लगवाया जा रहा है। सेहत विभाग की टीमें भी लगातार मरीजों के इलाज में जुटी हुई है। धालीवाल ने कहा कि इसकी जानकारी उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को दे दी है।
क्या कहते है डाक्टर
सेहत विभाग के डाक्टर अनिल वर्मा का कहना है कि इलाके में गंदे पानी के कारण यह बीमारी फैली है। जिससे एक बच्चे की मौत हो गई है और डेढ़ दर्जन के करीब लोग बीमार हैं। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में रेफर कर दिया है और कुछ लोगों का इलाज कैंप में किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सोनू और उसके बेटे अमन की मौत कैसे हुई है अभी तक इसके बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता। उनकी मौत का कारण पता लगाया जा रहा है।