मंडी में पार्किंग के ठेके को लेकर शुरू हुई गैंगवार की वजह से आज बसंत नगर में दिनदहाड़े हथियारबंद व्यक्तियों ने एक नौजवान की गोलियां मारकर हत्या कर दी।
थाना माडल टाउन पुलिस ने आठ व्यक्तियों के खिलाफ कत्ल का केस दर्ज कर लिया है। मृतक नरेश कुमार के पिता बलवीर सिंह ने पुलिस के पास दर्ज करवाई शिकायत में बताया कि वीरवार को दोपहर करीब 11:30 बजे दीपक कुमार उर्फ बिन्नी अपने साथियों सहित नरेश के घर आया और उस पर गोलियां चला दीं, जिस कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
दो गुटों में चल रही गैंगवार की वजह से 30 अक्तूबर 2010 को दाना मंडी में हुई लड़ाई में राकेश कुमार और अर्जन सिंह नामक व्यक्तियों की मौत हो गई थी। इस गैंगवार ने उस समय और खूनी रूप ले लिया जब पुरहीरां में हरिंदरजीत उर्फ पप्पू गुज्जर की हत्या कर दी गई। इस हत्या के आरोप में नरेश कुमार आदि पर पुलिस ने कत्ल का केस दर्ज करके उसको गिरफ्तार किया था।
पुलिस ने नरेश कुमार के कत्ल के आरोप में दीपक कुमार, उसकी मां कमलेश कुमारी, राकेश कुमार, हिम्मत कुमार, शेरू, सुक्खी, गोल्डी और बैंचा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।