संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। पंजाब सरकार अब औद्योगिक विकास के साथ-साथ सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की तैयारी में जुट गई है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने आईटी सेक्टर के विस्तार के लिए जमीन आरक्षित करने का बड़ा निर्णय लिया है। यह जानकारी राज्य के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने शुक्रवार को लुधियाना में आयोजित आईटी इंडिया एक्सपो-2025 में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए दी।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार का लक्ष्य है कि आने वाले समय में न सिर्फ लुधियाना, बल्कि राज्य के अन्य शहरों में भी आईटी हब स्थापित किए जाएं। वित्त मंत्री ने बताया कि निवेशकों का भरोसा लगातार बढ़ रहा है और अब तक पंजाब में एक लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश हो चुका है जिसमें आईटी क्षेत्र की बड़ी हिस्सेदारी है।
चीमा ने एक्सपो की सराहना करते हुए कहा कि यह आयोजन नवाचार और तकनीकी उन्नति का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि इस प्रदर्शनी ने न केवल लुधियाना के लोगों बल्कि आईटी के विद्यार्थियों को भी नए अवसर प्रदान किए हैं। प्रदर्शनी में छात्र–छात्राओं को ऐसी तकनीक देखने-समझने को मिली जो ऑनलाइन उपलब्ध नहीं होती। प्रदर्शनी में आए लोग नए प्रोडक्ट्स खरीदते नजर आए और अपने अनुभव भी साझा किए।