रसोई गैस उपभोक्ताओं को नए साल की शुरुआत में ही जोर का झटका लगा है। एलपीजी पर सीधे सब्सिडी न मिलने की व्यवस्था से इसे लेकर लोगों में हायतौबा मचना तय माना जा रहा है।
केंद्र सरकार ने सब्सिडी वाला सिलेंडर देने की समय सीमा 31 दिसंबर के बाद फिलहाल आगे नहीं बढ़ाई है। लिहाजा अब रसोई गैस सब्सिडी सरकारी नीतियों के तहत केवल उपभोक्ता के बैंक अकाउंट में ही ट्रांसफर होगी।
आंकड़ों पर गौर करें तो लुधियाना जिले में लगभग 6.88 लाख उपभोक्ताओं ने बैंकों में सब्सिडी के लिए आधार कार्ड लिंक नहीं कराए हैं। वहीं रसोई गैस एजेंसियों के पास 5.35 लाख ग्राहकों का आधार कार्ड लिंक नहीं है।
अब बैंकों एवं एजेंसियों के पास ऐसा कोई फार्मूला नहीं, जिससे लाखों उपभोक्ताओं के आधार कार्ड गैस एजेंसी एवं बैंक खातों के साथ लिंक कर सब्सिडी की राशि अकाउंट में भेजी जा सके।
केंद्र सरकार उपभोक्ताओं को रसाई गैस पर सब्सिडी सिलेंडर की बजाय उसके बैंक अकाउंट में ट्रांसफर करने की योजना पर काम कर रही है। इसके लिए उपभोक्ता का आधार कार्ड गैस एजेंसी और उसके बैंक अकाउंट से लिंक कराना अनिवार्य है।
जिला लुधियाना में तकरीबन 9.56 लाख एलपीजी उपभोक्ता हैं। अप्रैल-2013 से गैस वितरकों ने आधार कार्ड को गैस कनेक्शन के साथ लिंक करने का काम शुरू किया। आठ माह में वे केवल 44 फीसदी उपभोक्ताओं के कार्ड की लिंक कर पाए हैं।
फिलहाल 5.35 लाख उपभोक्ताओं के कार्ड एजेंसी स्तर पर लिंक नहीं हो पाए हैं। बैंकों ने उपभोक्ता के खाते से आधार कार्ड को लिंक करने का काम सितंबर-2013 से शुरू किया था।
अब तक तीन माह में बैंक केवल 28 फीसदी उपभोक्ताओं के कार्ड ही खातों से लिंक हो सके हैं। जाहिर है कि तकरीबन 6.88 लाख उपभोक्ताओं के खातों को लिंक करने का काम बकाया है।
कई लोगों के पास बैंक अकाउंट तक नहीं है। सरकारी नीति के तहत उनको सब्सिडी नहीं मिल पाएगी। इससे उनमें भी रोष है। दूसरे इस काम को लेकर गैस एजेंसियां एवं बैंक संजीदा भी नजर नहीं आ रहे हैं, इसका खामियाजा अब उपभोक्ताओं को भुगतना होगा।
मेगा मेले में दूर होंगी दुश्वारी
इस संबंध में जिले के लीड बैंक प्रबंधक मनजीत सिंह का मानना है कि अभी काफी काम शेष है। जिले में 79 गैस एजेंसियां हैं और 50 बैंकों की 750 शाखाएं हैं।
बैंकों से आग्रह किया गया है कि इस काम को तेजी लाएं। इसके अलावा जिन लोगों के आधार कार्ड नहीं बने हैं और बैंक अकाउंट नहीं खुले हैं उनके लिए तीन जनवरी से अनिश्चितकाल के लिए एक मेगा मेला सिंधवा नहर के पास सिमरन पैलेस में लगाया जा रहा है।
इसमें सभी 50 बैंकों के प्रतिनिधि उपस्थित होंगे। इसमें न्यूनतम रुपयों के साथ बैंक अकाउंट खोले जाएंगे। इसकेे अलावा कैंप में आधार कार्ड बनाने के लिए कैंप में 23 मशीनें स्थापित की जाएंगी, ताकि लोगों का तेजी से आधार कार्ड बना कर उनको गैस एजेंसी एवं बैंक खातों के साथ लिंक किया जा सके।