बरनाला के डीसी दफतर में प्रदर्शन करते अकाली नेता।
- फोटो : अमर उजाला
जिला अकाली दल की तरफ से सोमवार को बरनाला के इंचार्ज कुलवंत सिंह कंता, भदौड़ ंके इंचार्ज दरबारा सिंह गुरु, महिलकलां के इंचार्ज अजीत सिंह शांत, शिअद के जिला प्रधान परमजीत सिंह खालसा व जिला कोआर्डिनेटर गुरप्रीत सिंह बन्नावाली के नेतृत्व में एसवाईएल के मुद्दे पर डीसी बरनाला को ज्ञापन सौंपा गया।
अकाली नेताओं की अगुवाई में ज्यों ही जिले के वर्कर डीसी को ज्ञापन सौंपने पहुंचे डीसी ज्ञापन लेने के लिए अपनी कुर्सी से खडे़ हो गए। अकाली नेता दूसरे के साथ धक्का मुक्की करते हुए फोटो खिंचवाने की होड़ में डीसी की कुर्सी पर जा चढे़। पहले एक अकाली डीसी की कुर्सी पर जा चढ़ा। जब वह उतरा तो शिरोमणि अकाली दल एससी विंग के जिला प्रधान जग्गा सिंह मौड़ दोनों पांव रखकर डीसी की कुर्सी पर खड़े हो गए।
अपनी कुर्सी पर चढ़ने और डीसी ऑफिस के अंदर अकाली दल की ओर से अनुशासन भंग करने का डीसी भूपिंदर सिंह राय ने कड़ा नोटिस लिया। डीसी ने जिला के समूह अकाली नेताओं व वर्करों को कहा कि रूलिंग पार्टी के नेताओं व वर्करों को अनुशासन भंग करना शोभा नहीं देता।
वह कुर्सी पर चढ़ने वाले अकाली दल एससी विंग के जिला प्रधान जग्गा सिंह मौड़ पर कानूनी कार्रवाई करेंगे और दूसरे अकाली नेताओं की भी पहचान की जाएगी। उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। सारे घटनाक्रम संबंधी राज्य के डिप्टी सीएम व पार्टी प्रधान सुखवीर सिंह बादल को भी अवगत करवाया जाएगा।
दूसरी तरफ अकाली दल के जिला प्रधान परमजीत सिंह खालसा ने पार्टी अनुशासन भंग करने वाले अकाली वर्करों व डीसी की कुर्सी पर चढ़ने वाले अकाली नेताओं की खूब क्लास लगाई। शिरोमणि अकाली दल के जिला कोआर्डिनेटर गुरप्रीत सिंह बन्नावाली ने कहा कि डीसी की कुर्सी पर चढ़ने वाले अकाली नेताओं के खिलाफ बैठक कर सख्त एक्शन लिया जाएगा।