लुधियाना में प्रदर्शन करते ज्वेलर।
- फोटो : file
सेंट्रल एक्साइज ड्यूटी के विरोध में शुक्रवार को ज्वेलर्स ने जिला भाजपा प्रधान परवीन बंसल के निवास के सामने धरना लगाया और नारेबाजी की।
शनिवार को कारोबारी लाढोवाल स्थित टोल प्लाजा पर धरना देकर ट्रैफिक जाम करेंगे। आम आदमी पार्टी के सांसद भगवंत मान ज्वेलर्स का साथ देंगे। ऑल इंडिया ज्वेलर्स एंड स्वर्णकार एसोसिएशन के प्रधान आनंद सीकरी, मनोज ढांडा, राकेश वर्मा और विनीत ढांडा ने कहा कि ड्यूटी वापस होने तक हड़ताल जारी रहेगी।
सराफा कारोबारी फव्वारा चौक से चलकर किदवई नगर स्थित मिनी रोज गार्डन के पास एकत्रित हुए। वहां से पैदल रोष मार्च करते हुए जिला भाजपा अध्यक्ष प्रवीण बंसल के निवास स्थान पर पहुंचे। बंसल के निवास की कुछ दूरी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की तरफ से सराफा कारोबारियों का रास्ता रोकने पर पुलिस और कारोबारियों में हुई तकरार के बाद कारोबारियों ने भाजपा के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाए।
इसके बाद पुलिस ने सराफा कारोबारियों को आगे बढ़ने की इजाजत दी। जब सराफा कारोबारी बंसल के घर के पास पहुंचे तो पता चला कि बंसल घर पर ही नहीं है। कारोबारियों के प्रतिनिधियों राकेश वर्मा, प्रिंस बब्बर, सुमन वर्मा, शिव धीर, मनोज ढांडा ने बताया कि 26 मार्च को लाडोवाल स्थित टोल प्लाजा पर जाम लगा कर दोनों तरफ से आने-जाने वाले ट्रैफिक को रोक कर एक्साइज ड्यूटी पर विरोध जताया जाएगा। इस अवसर पर शिव धीर, सुनील मोदी, सौरव धीर, जगजीत सिंह, अमित मेहरा सहित अन्य भी उपस्थित थे।