संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। पंजाब के पूर्व मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य मनोरंजन कालिया ने कहा कि हाल ही में आई बाढ़ से व्यापक नुकसान हुआ है क्योंकि 4.8 लाख एकड़ से अधिक फसल नष्ट हो गई। लगभग 17,000 घर क्षतिग्रस्त हो गए। 2.5 लाख से अधिक पशुधन प्रभावित हुए और 4657 किलोमीटर ग्रामीण सड़कों और 485 पुलों को भारी नुकसान पहुंचा।
बाढ़ से होने वाले इन नुकसानों को टाला जा सकता था अगर आप सरकार ने मौसम विभाग की सामान्य से अधिक बारिश की चेतावनी को गंभीरता से लिया होता। कालिया शनिवार को लुधियाना में प्रेस कांफ्रेंस के दौरान बोल रहे थे। कालिया ने आगे कहा कि आप सरकार एसडीआरएफ दिशानिर्देशों के अनुसार बाढ़ की पूर्व तैयारियों और सावधानियों के लिए पूर्व-निवारक उपाय करने में बुरी तरह विफल रही है। एसडीआरएफ दिशानिर्देश बाढ़ प्रबंधन के लिए एक सक्रिय दृष्टिकोण पर जोर देते हैं जो तैयारी, रोकथाम और शमन पर केंद्रित है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा प्रदेश की सचिव रेनू थापर, प्रदेश खजांची गुरदेव शर्मा देबी, नरेंद्र सिंह मल्ली, प्रेस सचिव डाॅ. सतीश कुमार, सोशल मीडिया सचिव राजन पांधे, हरप्रीत सिंह मोनू व प्रवक्ता सुरेंद्र कौशल मौजूद थे।
-
फोटो
अभी तक बाढ़ पीड़ितों को नहीं बांटा गया मुआवजा: परमपाल कौर
फिरोजपुर। सीनियर भाजपा नेता परमपाल कौर ने प्रेस वार्ता में कहा कि पंजाब में बाढ़ पंजाब सरकार की लापरवाही के चलते आई है। सरकार ने समय पर बांधों की सफाई नहीं की। इसी कारण पंजाब में बाढ़ आई है। अभी तक पंजाब सरकार ने बाढ़ पीड़ितों को कोई मुआवजा नहीं दिया है जबकि केंद्र सरकार ने पंजाब सरकार को फंड जारी कर दिए हैं। परमपाल कौर ने कहा कि जब पीड़ितों के पास मुआवजा नहीं पहुंचेगा तो पीड़ित अगली फसल कैसे बिजाई कर सकेंगे। पंजाब सरकार के पास केंद्र का एडवांस में पैसा पड़ा हुआ है। पंजाब में भाजपा नेताओं की टीम भी आई और उन्होंने रिपोर्ट बनाकर केंद्र सरकार के समक्ष रखी है। केंद्र सरकार के पास जो रिपोर्ट पहुंची है उसमें किसानों का कहना है कि उनके खाते में सीधा मुआवजा डाला जाए। एक सवाल के जवाब में कहा पंजाब में अकाली दल के साथ भाजपा कोई गठबंधन नहीं करेगी।