तरनतारन। पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (पावरकॉम) ने तरनतारन सर्किल में बिजली आपूर्ति की बेहतर व्यवस्था के लिए बड़े कदम उठाए हैं। पावरकॉम द्वारा विभिन्न इलाकों में नए सब-स्टेशनों का निर्माण किया जा रहा है, जिससे आगामी गर्मी में उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी। इसके अलावा, कृषि क्षेत्र को भी मांग के अनुसार बिजली सप्लाई की जाएगी।
102 किलोमीटर लंबी इंटरनेशनल सीमा पर बॉर्डर एरिया के लिए इंडिपेंडेंट डेडिकेटेड फीडर स्थापित किए गए हैं, जो डिफेंस सर्विसेज को निरंतर बिजली आपूर्ति प्रदान कर रहे हैं। डिप्टी चीफ इंजीनियर मोहतम सिंह ने बताया कि बढ़ती आबादी और शहरीकरण के कारण बिजली की मांग में लगातार वृद्धि हो रही है। इसे ध्यान में रखते हुए पावरकॉम ने नए सब-स्टेशनों के निर्माण और मौजूदा ढांचे के सुदृढ़ीकरण की योजना बनाई है। इसके तहत घनी आबादी वाले क्षेत्रों में ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाई जाएगी और नए ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। ओवरलोडेड सप्लाई लाइनों को फरवरी 2027 तक दो लाइनों में बदलने की योजना है, जिसमें 90 फीसदी काम 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा। नए सब-स्टेशनों के चालू होने से न केवल ओवरलोड की समस्या का समाधान होगा, बल्कि कम वोल्टेज और बार-बार ट्रिपिंग जैसी समस्याओं से भी उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी।