लुधियाना में ट्रस्ट के नवनियुक्त चेयरमैन डा. सुभाष वर्मा पदभार संभालने के बाद पंजाब के स्थानीय निकाय मंत्री अनिल जोशी मुंह मीठा कराते हुए
- फोटो : अमर उजाला
स्थानीय निकाय मंत्री अनिल जोशी का कहना है कि आम आदमी पार्टी सिख विरोधी है, इसका असली चेहरा सब के सामने आ गया है। विस चुनाव में आप को मुंह की खानी होगी। अकाली भाजपा गठबंधन लगातार तीसरी बार सत्ता पर काबिज होगा। जोशी मंगलवार को इंप्रूवमेंट ट्रस्ट परिसर में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। जोशी की मौजूदगी में ट्रस्ट के नवनियुक्त चेयरमैन डॉ. सुभाष वर्मा ने पदभार संभाला।
जोशी ने कहा कि गठबंधन सरकार ने सूबे का चौतरफा विकास किया है। जोशी ने कहा कि आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल तानाशाह की तरह काम कर रहे हैं। पार्टी को अपने ही तरीके से चला रहे हैं। आप नेताओं में आपाधापी की स्थिति है। पार्टी में ही केजरीवाल का विरोध शुरू हो गया है।
इससे पहले डॉ. वर्मा ने समर्थकों के साथ शिंगार सिनेमा के पास से रोड शो शुरू किया। रास्ते में जगह-जगह उनके समर्थकों ने फूल बरसाकर स्वागत किया। यह शो गुड़ मंडी, गिरजाघर चौक, चौड़ा बाजार, घंटाघर, भारत नगर चौक, भाईवाला चौक से इंप्रूवमेंट ट्रस्ट परिसर में पहुंचा।
पदभार ग्रहण करने के बाद डॉ. वर्मा ने कहा कि वे पूरी ईमानदारी से जनता के हित में कार्य करेंगे। सरकार ने जो जिम्मेदारी दी है, उसे बखूबी निभाएंगे। इस अवसर पर मेयर हरचरण सिंह गोहलवड़िया, पूर्व मंत्री सतपाल गोसाईं, परवीन बंसल, रविंदर अरोड़ा, अनिल सरीन और प्रो राजिंदर भंडारी मौजूद रहे।