दाखा पुलिस ने बस और एक्टिवा को कब्जे में लेकर ड्राइवर को गिरफ्तार किया
संवाद न्यूज एजेंसी
हलवारा। रकबा के गुरुद्वारा दमदमा साहिब में माथा टेककर एक्टिवा पर घर लौट रहीं गुरप्रीत कौर और उनकी बेटी जसकरनजीत कौर को ऑर्बिट बस के ड्राइवर ने जोरदार टक्कर मारी और एक्टिवा घसीटते हुए दूर तक ले गया।
गुरप्रीत कौर के पति सुखविंदर सिंह बाइक पर उनके पीछे आ रहे थे जिन्होंने तुरंत वाहन का इंतजाम करके डीएमसी अस्पताल लुधियाना के लिए रवाना किया लेकिन गुरप्रीत कौर ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। उनकी बेटी जसकरनजीत कौर का इलाज चल रहा है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। बस का ड्राइवर बलकरन सिंह वासी चक्क हीरा सिंह हनुमानगढ़ राजस्थान मौके से फरार हो गया था जिसे बाद में दाखा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
जांच अधिकारी नरिंदर कुमार ने बताया कि ऑर्बिट बस और एक्टिवा भी कब्जे में ले ली है। बस के ड्राइवर बलकरन सिंह को गिरफ्तार करके हिट एंड रन समेत अन्य धारा में मुकदमा पंजीकृत कर दिया है। गुरप्रीत कौर के शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। सुखविंदर सिंह वासी पुरानी दाना मंडी मुल्लांपुर दाखा ने बताया कि गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने के बाद पत्नी और बेटी वापस घर आ रहे थे। गांव पंडोरी होते हुए मंडेआणी से उन्होंने यू टर्न करना था कि जगरांव की तरफ से तेज रफ्तार आ रही ऑर्बिट बस के ड्राइवर बलकरन सिंह ने लापरवाही से एक्टिवा के पीछे जोरदार टक्कर मार दी। एक्टिवा समेत पत्नी गुरप्रीत कौर और बेटी जसकरनजीत कौर उछलकर दूर पक्की सड़क पर जा गिरीं। एक्टिवा चकनाचूर हो गई और दोनों गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गईं। उन्होंने तुरंत राहगीरों की मदद से वाहन का इंतजाम करके दोनों को लुधियाना के डीएमसी अस्पताल के लिए रवाना तो कर दिया लेकिन उनकी पत्नी गुरप्रीत कौर ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया, बेटी का इलाज चल रहा है।
...