आम आदमी पार्टी की ओर से पंजाब खेतीबाड़ी यूनिवर्सिटी के लाडोवाल सीड फार्म की 35 एकड़ जमीन में 12 हजार से ऊपर पेड़ों की बोली और कटाई के विरोध में फार्म के गेट पर प्रदर्शन किया। आम आदमी पार्टी के जिला कोआर्डिनेटर कर्नल सीएम लखनपाल और फतेहगढ़ साहिब के वरिंदर खारा के नेतृत्व में हाथों में वातावरण बचाओ और पेड़ लगाओ संबंधी नारों के बैनर पकड़े हुए थे। उन्होंने मांग की कि बोली को तुरंत बंद करवाया जाए।
कर्नल लखनपाल ने कहा कि खेतीबाड़ी यूनिवर्सिटी से पेड़ लगाकर पर्यावरण में सुधार लाने की आशा रखी जाती है, लेकिन यूनिवर्सिटी के अधिकारी खुद ही शहर के पास भव्य ग्रीन बेल्ट को बर्बाद करने पर लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि सीड फार्म पर बोली कर बेचे जा रहे 12158 पेड़ों में 10583 थोड़ी उम्र के ही पापुलर, 1180 अमरूद, 307 आम और सौ नींबू के पेड़ अच्छी अवस्था में हैं। इनसे सरकार को हर वर्ष करीब 25 लाख रुपये की आय हो रही है। उन्होंने कहा कि फलदार पौधों के बागों से काफी परिवारों की रोजी रोटी भी चल रही है।
उल्लेखनीय है कि सरकार की ओर से इस सीड फार्म की जमीन का एक बड़ा टुकड़ा प्राइवेट कंपनी को 99 साल की लीज पर दिया गया था। उन्होंने दुख जाहिर किया कि यह जमीन भी पेड़ काटने के बाद किसी राजनीतिक परिवार से संबंध रखने वाले उद्योगपति को दे दी। कर्नल लखनपाल ने कहा कि पहले ही लुधियाना देश के प्रदूषित शहरों में शामिल हो गया है, अब यूनिवर्सिटी के अधिकारी शहर के पास बड़ी ग्रीन बेल्ट को बर्बाद कर रहे हैं।
यहां और पेड़ लगाने की सख्त जरूरत है। उन्हें तोड़ने और उनकी कटाई बंद न हुई तो आम आदमी पार्टी की ओर से संघर्ष ओर भी तेज किया जाएगा। आप अदालत में भी पीआईएल दाखिल कर सकती है। इस मौके पर राजिंदर पाल कोर, बाल किशन पप्पी, पंकज कुमार, पुनीत साहनी, पवन कुमार सहित अन्य लोग शामिल थे।