लुधियाना-फिरोजपुर रोड स्थित राधा स्वामी सत्संग भवन में पेड़ों की कटाई के लिए चल रही सेवा के दौरान एक युवक की पेड़ के नीचे आने से मौत हो गई। थाना दाखा की पुलिस ने मृतक के भाई सुरजीत सिंह के ब्यान पर कार्रवाई करके शव परिजन को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार बुधवार को मृतक प्रेम सिंह गांव पंडोरी निवासी अपने साथियों के साथ सत्संग भवन में गया था। वहां पर पेड़ों की कटाई की सेवा चल रही थी।
अचानक पेड़ की कटाई के लिए मौके पर जिस क्रेन के संगल से पेड़ को बांधा था, वह संगल टूट गया और भवन में खड़े प्रेम सिंह के ऊपर भारी वृक्ष आकर गिरा। प्रेम सिंह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसे तुरंत मेडी सिटी अस्पताल में इलाज के लिए दाखिल कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई।