हलवारा (लुधियाना)। थाना दाखा की पुलिस ने लुधियाना के बुड्ढेवाल स्थित अलाइड मल्टीमैटल्ज एंड अलद्यइज कंपनी के डायरेक्टर हितेश अबरोल, दिल्ली स्थित रैली मोटर्स के मालिक दलवीर सिंह और कार डीलर मंदीप सिंह चावला उर्फ मन्नू चावला वासी सराभा नगर लुधियाना के खिलाफ लैंबोरगिनी कार के सौदे मे डेढ़ करोड़ रुपये की ठगी करने का मुकदमा दर्ज किया है।
सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। मुल्लांपुर दाखा स्थित आरएसी लगजरी कार फर्म के मालिक गुरबीर सिंह बजाज ने उनके साथ हुई इस हाइप्रोफाइल ठगी के बारे में जिला ग्रामीण पुलिस के एसएसपी को शिकायत की थी। जिसकी जांच डीएसपी दाखा जतिंदरजीत सिंह द्वारा की गयी थी। जांच के बाद तीन आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया है। जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर दविंदर कुमार ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
गुरबीर सिंह बजाज ने अपनी शिकायत मे बताया कि उन्होंने हितेश अबरोल के साथ लैंबोरगिनी कार का सौदा 2 करोड़ रुपये मे किया था। कार डीलर हरप्रीत सिंह उर्फ कैंडी और हितेश अबरोल की कंपनी का एक अन्य अधिकारी कार लेकर उन्हें दिखाने के लिए मुल्लांपुर दाखा आया था। उन्हें कार पसंद आ गई तो सौदा जल्द सिरे चढ़ गया। गुरबीर सिंह बजाज ने बताया कि उन्होंने 16 फरवरी को हितेश अबरोल की कंपनी के खाते में डेढ़ करोड़ रुपये ट्रांसफर कर दिए। लेकिन उनको कार की डिलीवरी नहीं की गयी। फिर 17 फरवरी को बाकी के 50 लाख रुपये देकर कार लेने पहुंच गये। उस समय हितेश अबरोल टालमटोल करने लगा। उन्होंने अपने स्तर पर जांच की तो पता चला कि हितेश अबरोल ने वह कार कार डीलर मंदीप सिंह चावला उर्फ मन्नू चावला के माध्यम से दिल्ली की रैली मोटर्स के मालिक दलबीर सिंह लूथरा को बेच दी है। गुरबीर सिंह बजाज ने बताया कि उन्होंने दलबीर सिंह लूथरा को कार के सौदे के कागजात की जानकारी भी दे दी पर उन्होंने सौदा कैंसल नहीं किया।