संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। ताजपुर रोड स्थित हुंदल चौक में निहंग सिंहों ने शराब के ठेके के बाहर शराब पी रहे युवकों पर लाठियां बरसाईं। यह घटना 15 अक्तूबर को हुई थी, जिसका वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से साझा किया जा रहा है। निहंगों का आरोप है कि सार्वजनिक स्थल पर शराब पीने से महिलाओं और लड़कियों को परेशानी होती थी।
वायरल फुटेज में निहंग बाणे में कुछ युवक गुस्से में दिख रहे हैं। वे ठेके से शराब लेने के बाद बाहर जाम टकरा रहे लोगों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटते नजर आ रहे हैं। इस दौरान अफरा-तफरी मच गई और जान बचाकर भाग रहे लोगों की भगदड़ में एक साइकिल भी गिर गई। निहंगों ने सड़क किनारे लगी एक टोटी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। उनका कहना था कि यहां बैठकर लोग गंदगी फैलाते हैं। उन्होंने ठेके के कारिंदे को तुरंत शटर गिराने की कड़ी हिदायत दी। एक दोपहिया वाहन सवार को रोककर उसकी तलाशी ली गई और नशे के शक पर उससे झड़प भी हुई। घटना के बाद निहंगों ने सार्वजनिक चेतावनी जारी की है। उन्होंने एलान किया कि भविष्य में इस क्षेत्र में सार्वजनिक स्थल पर शराब का सेवन करने पर गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। गंदगी फैलाने या राह चलती महिलाओं एवं युवतियों के साथ अभद्रता करने पर भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। निहंगों ने इस स्थिति के लिए प्रशासनिक तंत्र और सरकार की नाकामी को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया है।