आम आदमी पार्टी के लेबर विंग ने रेहड़ी फड़ी एसोसिएशन के सहयोग से निगम की धक्केशाही के खिलाफ रोष रैली निकाली और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। सदस्यों ने निगम के तानाशाही रवैये और फड़ी वालों के साथ की जा रही धक्केशाही पर चिंता जताई। साथ ही चेतावनी दी कि यदि रेहड़ी वालों को राहत न मिली तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
फील्ड गंज स्थित सिविल अस्पताल के सामने से शुरू हुई रैली जगरांव पुल, फिरोजपुर रोड, भारत नगर चौक होते हुए मिनी सचिवालय पहुंची। मिनी सचिवालय में डिप्टी कमिश्नर को ज्ञापन सौंपा गया। इस अवसर पर पार्टी के जोनल को ऑर्डिनेटर कर्नल सीएम लखनपाल और मजदूर विंग के महासचिव अहबाब सिंह गरेवाल ने कहा कि रेहड़ी फड़ी वालों की लंबे वक्त से चली आ रही समस्या का समाधान करने के बजाय निगम माफिया की मदद और सहयोग कर रहा है।
फड़ी वालों को उजाड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि फड़ी वालों के लिए शहर के हर कोने में अलग से वेंडिंग जोन बनाए जाएं, ताकि वे वहां से अपना कारोबार कर सकें। इस अवसर पर राजिंदर पाल कौर, अरुण बापट, चरणजीत कौर, पंकज सक्सेना, हरजीत सिंह और गोपाल सिंह मौजूद रहे।