लुधियाना। प्रेम विवाह करने वाली नवविवाहिता गांव शंकर निवासी अमनदीप कौर (19) ने ससुराल में फंदा लगाकर जान दे दी। घटना का पता उस समय चला जब उसका पति नींद से जागा। सूचना पर थाना डेहलों की पुलिस के साथ-साथ अमनदीप कौर के परिवार वाले भी पहुंच गए। उनके आरोप लगाने के बाद थाना डेहलों की पुलिस ने पति चरणजीत सिंह के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
मृतक अमनदीप कौर की मां गुरप्रीत कौर ने पुलिस को दी शिकायत मेें बताया कि दो महीने पहले उनकी बेटी ने आरोपी चरणजीत सिंह के साथ प्रेम विवाह किया था। शादी के कुछ समय बाद ही आरोपी ने उनकी बेटी को परेशान करना शुरू कर दिया। अमनदीप कौर ने अपनी मां को भी इस बारे में बता दिया था। उसके बाद भी आरोपी चरणजीत सिंह अमनदीप कौर को परेशान करता रहा। चरणजीत सिंह के पिता इस दुनिया में नहीं है और मां कुछ दिनों से उसके मामा के घर गई हुई है। चरणजीत सिंह और अमनदीप के बीच घरेलू बात को लेकर झगड़ा हुआ। इसके बाद चरणजीत सिंह सो गया। इसके बाद अमनदीप कौर ने घर में फंदा लगाकर जान दे दी। जांच अधिकारी एएसआई रंजीत सिंह ने बताया कि आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव वारिसों के हवाले कर दिया है।