हैबोवाल के इलाके चंद्र नगर में बीस मई की सुबह सब्जी लेने जाते समय रास्ते में मौत के घाट उतारे गए टैगोर नगर निवासी रामू की हत्या में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक आरोपी फरार है। आरोपियों की पहचान हैबोवाल के दुर्गापुरी इलाके में रहने वाले नितिन वर्मा उर्फ निक्क और हैबोवाल के रंजोध पार्क निवासी रोहन कुमार वर्मा के रुप में हुई है, जबकि आरोपियों का तीसरा साथी हैबोवाल की जस्सियां कालोनी निवासी तरुण कुमार उर्फ बंब अभी फरार है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मृतक राजू का पर्स और हत्या की वारदात में इस्तेमाल की गई एक्टिवा बरामद की है।
थाना हैबोवाल के प्रभारी इंस्पेक्टर मोहन लाल ने बताया कि मृतक रामू मूलरूप से उत्तर प्रदेश के जिला उन्नाव के गांव काशीराम खेड़ा का रहने वाला था। यहां पर वह मेहनत मजदूरी करता था। लॉकडाउन की वजह से वह मंडी से सब्जी लाकर इलाके में फेरी लगा बेचता था। बीस मई की सुबह वह पैसे लेकर मंडी जा रहा था। रास्ते में चंद्र नगर पुली के पास आरोपियों ने उसे घेर लिया। आरोपियों ने पैसे लूटने चाहे तो रामू ने विरोध किया। एक आरोपी ने रामू के सीने में तेजधार हथियार मार कर उसकी हत्या कर दी। उसके बाद आरोपी पैसे और अन्य सामान लेकर फरार हो गए।
पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे भी चेक किए गए। एक कैमरे में पुलिस के हाथ आरोपियों की फुटेज लग गई। पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि तीनों आरोपी पहले से ही इलाके में कई लूट की वारदातों को अंजाम दे चुके है। आरोपियों ने ही रामू की हत्या की है। जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों को गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तार कर लिया
इंस्पेक्टर मोहन लाल ने बताया कि आरोपी नितिन के खिलाफ थाना पीएयू, दुगरी और थाना डिविजन आठ के साथ साथ थाना माडल टाऊन में भी लूट का मामला दर्ज है। रोहन के खिलाफ भी इन थानों के अलावा डिविजन पांच में लूट का मामला दर्ज है। आरोपियों ने 18 मई को एक व्यक्ति से सात हजार रुपये की लूट की थी। हत्या के अगले दिन आरोपियों ने एक्टिवा पर सवार होकर जाने वाली महिला का पर्स लूटा था। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर फरार आरोपी तरुण का पता लगाने में जुटी है।