शराब पीते समय हुए झगड़े में नाबालिग ने अधेड़ व्यक्ति के सिर पर पत्थर दे मारा। घायल को गंभीर हालत में ईएसआई अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। थाना डाबा पुलिस नाबालिग के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
गिल रोड निवासी प्रकाश पांडे ने पुलिस को शिकायत में बताया कि उनका बड़ा भाई शिव कुमार (52) गरेवाल कालोनी में रहता था। तीन अप्रैल को देर शाम लगभग नौ बजे उसका भाई आरोपी के साथ बैठकर शराब पी रहा था। इस दौरान उसका दूसरा बड़ा भाई गोबिंद प्रसाद मिलने के लिए शिव कुमार के घर पहुंच गया। उसने देखा कि शिव कुमार और आरोपी आपस में झगड़ा कर रहे थे। इसी दौरान आरोपी ने एक पत्थर उठाकर उसके भाई शिव कुमार के सिर पर दे मारा। उसका भाई उसी समय जमीन पर गिर गया। गोबिंद प्रसाद ने तुरंत उसे फोन पर घटना की सूचना दी। वह तुरंत घटनास्थल पर पहुंचा और शव कुमार को लेकर ईएसआई अस्पताल पहुंचा। वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।