जिले के स्मार्ट सिटी बनने के एलान के साथ ही सांसद रवनीत सिंह बिट्टू ने भी इस तरफ अपना पहला कदम बढ़ाया। बिट्टू शनिवार को अपने निवास से दफ्तर तक और उसके बाद घुमार मंडी स्थित साइकिल के शोरूम का शुभारंभ करने साइकिल पर पहुंचे।
इस अवसर पर सांसद रवनीत बिट्टू ने कहा कि अब वक्त एक दूसरे की निंदा करने का नहीं, बल्कि लुधियाना को स्मार्ट बनाने के लिए मिल-जुल कर काम करने का है। बिट्टू बोले कि शहर में प्रदूषण गंभीर समस्या है, तभी बच्चों और बुजुर्गाें को लाइलाज बीमारियां लग रही हैं। जब तक शहर में प्रदूषण समस्या बना रहेगा, लुधियाना को स्मार्ट नहीं बनाया जा सकता। बिट्टू ने कहा कि उन्होंने दफ्तर तक फिर शोरूम तक साइकिल चलाकर जनता को संदेश दिया है कि प्रदूषण को कम करने के लिए अपना सहयोग करें।
बिट्टू ने कहा कि कांग्रेस के सभी विधायक, ब्लॉक प्रधान और पार्षद माह में एक दिन साइकिल से अपने दफ्तर जाएंगे और दूसरों को भी ऐसा करने के लिए प्रेरित करेंगे। इस अवसर पर विधायक भारत भूषण आशू के अलावा पार्षद संजय तलवार, नरिंदर शर्मा, सन्नी भल्ला के अलावा गुरमीत सिंह कुलार, रणजोध सिंह और जगतवीर सिंह समेत कई लोग थे। इसके अलावा लुधियाना पेडलर्स क्लब के प्रधान दविंदर नागी भी अपने साथियों के साथ सांसद के साथ चले।