पंजाब की आर्थिक राजधानी में हालांकि समस्याओं की कोई कमी नहीं है, बावजूद इसके लुधियाना में विकास की तस्वीर भी नजर आती है। शहर में ट्रैफिक की समस्या को कम करने के लिए नए फ्लाईओवर बनाए जा रहे हैं, जबकि सार्वजनिक परिवहन सिस्टम को भी मजबूत किया जा रहा है। इससे शहर की दशा और दिशा में बदलाव नजर आ रहा है। अब स्मार्ट सिटी स्कीम में शामिल होने पर लुधियानवियों को लगता है कि शहर में विकास की गति और तेज होगी और लुधियाना देश का मॉडल शहर बनेगा।
डिप्टी सीएम सुखबीर बादल ने करीब दो-तीन साल पहले शहर के विकास के लिए 2500 करोड़ के विकास प्रोजेक्ट शुरू करने का एलान किया था। सुखबीर का सपना लुधियाना को विदेशी शहरों की तर्ज पर विकसित करने का है। गठबंधन सरकार के कार्यकाल में वेरका मिल्क प्लांट से दोराहा और नीलों पुल पर दक्षिण बाईपास का निर्माण किया गया है। करीब पांच सौ करोड़ की लागत से बने इस बाईपास के चलते लोगों को फिरोजपुर, मोगा की तरफ से दिल्ली और चंडीगढ़ आना-जाना आसान हो गया है।
इसके अलावा घंटाघर के पास पुराने लक्कड़ पुल की जगह पर करीब 55 करोड़ की लागत से नया पुल बना दिया गया है। इसके शुरू होने से भी यातायात की समस्या कम हुई है। शहर के चौकों को पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप के जरिए नया लुक दिया जा रहा है। रख बाग में हीरो साइकिल्स लिमिटेड के सहयोग से नई जान फूंकी गई है। प्रशासन का प्रयास है कि साइकिलों के शहर में साइकिलिंग को भी बढ़ावा दिया जाए। रखबाग में एक साइकिल ट्रैक बनाया गया है। अब सिंधवा नहर के किनारे भी साइकिल ट्रैक बनाने की योजना है। पिछले कुछ सालों से शहर में साइकिलिंग को लेकर जबरदस्त क्रेज देखा जा रहा है।
मेयर हरचरण सिंह गोहलवड़िया ने कहा कि लुधियाना के विकास के लिए कई कदम उठाए हैं जिसमें हुडको के अधीन सीवरेज व्यवस्था को बेहतर बनाने 150 करोड़ रुपये, बुढ्ढे नाले के साथ-साथ सड़क निर्माण के लिए 13 करोड़ रुपये, सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के अपग्रेडेशन के लिए 100 करोड़ रुपये, 4832 घरों का निर्माण और सार्वजनिक परिवहन के तहत 105 सिटी बसें चलाईं गई हैं।
काबिलेजिक्र है कि स्मार्ट सीटी प्रोजेक्ट अधीन चुने गए हर शहर के विकास के लिए 200 करोड़ रुपये पहले साल दिए जाएंगे जबकि अगले तीन सालों के लिए प्रति वर्ष 100 करोड़ रुपये बुनियादी ढंाचे और विकास कार्यों के लिए मिलेंगे और इतनी ही राशि राज्य सरकार की तरफ से जारी की जाएगी। इस राशि से शहर का विकास योजनाबद्ध तरीके से किया जाएगा।