बठिंडा। पंजाबी गायक शुभदीप सिंह उर्फ सिद्धू मूसेवाला की हत्या के मामले में नामजद आरोपी गैंगस्टर मनप्रीत सिंह मन्ना के नाम पर तलवंडी साबो के व्यापारियों से मांगी और वसूली गई लाखों की रंगदारी के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता प्राप्त की है। पुलिस द्वारा फिरोजपुर जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाए गए गैंगस्टर मन्ना की पूछताछ के आधार पर उसके तीन से ज्यादा साथियों को गिरफ्तार कर लाखों की उस रकम को बरामद किया जो आरोपियों ने व्यापारियों से रंगदारी के रूप में ली थी। हालांकि पूरे मामले के बारे में एसएसपी जे इलेचेलियन ने कोई पुष्टि नहीं की है।
जानकारी के अनुसार मूसेवाला की हत्या के बाद गैंगस्टर मनप्रीत सिंह मन्ना के नाम पर तलवंडी साबो के व्यापारियों से मन्ना के साथियों की ओर से रंगदारी मांगी जाने लगी। मन्ना के डर से कुछ व्यापारियों ने चुपचाप लाखों की रंगदारी दे दी थी। सूत्रों के अनुसार एक व्यापारी ने जब रंगदारी देने से इन्कार किया तो उसकी दुकान में दिन दहाडे़ तोड़फोड़ करवा दी गई। जिसके बाद व्यापारी ने डर के मारे मन्ना के साथियों को करीब पांच लाख रंगदारी की रकम दे दी थी।
सूत्रों ने बताया कि मन्ना अपने गुर्गों के सहयोग से तलवंडी साबो से करीब बीस लाख रुपये से ज्यादा की रंगदारी वसूली जा चुकी है। फिरोजपुर जेल में रहते हुए मन्ना आसानी से नेटवर्क चला रहा है। पुलिस के लिए पहेली बना हुआ कि आखिर मन्ना जेल में रहते हुए कैसे नेटवर्क चला रहा है और अपने गुर्गों को आदेश दे रहा है। बीते सोमवार को जब तलवंडी साबो के एक दुकानदार से मन्ना के नाम पर रंगदारी की रकम मांगी गई तो तलवंडी के समूह दुकानदारों ने दुकानें बंद कर धरना लगा दिया।
इस धरने का पता चलते ही एसएसपी जे इलेनचेलियन खुद पुलिस फोर्स समेत मौके पर पहुंचे थे और व्यापारियों की मांग के अनुसार पुलिस ने गैंगस्टर मनप्रीत मन्ना को मामले में नामजद कर लिया। जिसके बाद मंगलवार को जब बठिंडा पुलिस आरोपी मन्ना को फिरोजपुर जेल से लेकर आई तो पुलिस ने उसे तलवंडी साबो अदालत में पेश कर चार दिन का पुलिस रिमांड हासिल कर लिया। सूत्रों ने बताया कि पुलिस पूछताछ में मन्ना ने खुलासा किया कि उसके इशारे पर ही रंगदारी मांगने का खेल चल रहा था। जिसके बाद पुलिस ने मन्ना से की गई पूछताछ के आधार पर उसके तीन से अधिक साथियों को रंगदारी में ली हुई लाखों रुपये की रकम समेत गिरफ्तार कर लिया। जिनसे सीआईए स्टाफ पूछताछ में जुटा है। पूरे मामले में बुधवार को सुबह से एसएसपी जे इलेनचेलियन को फोन कर बात करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया और इसके बाद उनसे व्हाट्सएप के जरिये सवाल पूछा गया, लेकिन उन्होंने कोई पुष्टि नहीं की।
पुलिस की सख्ती से बचने के लिए मन्ना ने सिर मारा सलाखों पर
सूत्रों के अनुसार मंगलवार को फिरोजपुर जेल में बंद आरोपी गैंगस्टर मन्ना को जैसे ही पता चला कि बठिंडा पुलिस उसे प्रोडक्श्न वारंट पर ले जाने के लिए आ रही तो उसने जेल की सलाखों से सिर पटक पटक कर खुद को जख्मी कर लिया, ताकि वह पुलिस की सख्ती से बच सके, लेकिन इसके बाद जब बठिंडा पुलिस उसे प्रोडक्शन वारंट पर फिरोजपुर से लेकर तलवंडी साबो की अदालत में पेश करने पहुंची तो मन्ना ने अदालत में शोर मचाया।