सरहिंद-भादसों मार्ग को दो भाखड़ा पुलों समेत चौड़ा किए जाने के मामले को लेकर मंगलवार को भी सियासत गर्म रही। कांग्रेसी विधायक कुलजीत सिंह नागरा ने उद्घाटन वाले पत्थर की तस्वीर मीडिया को जारी कर दी।
विधायक ने कहा कि लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अधिकारी आरपी सिंह ने कहा था कि नींव पत्थर पर केवल मंत्री जनमेजा सिंह सेखों का नाम खुदवाया गया है, जबकि उस पर शिअद हलका इंचार्ज दीदार सिंह भट्टी का नाम भी खुदवाया गया है। उन्होंने पहले ही घोषणा की थी कि उन्हें पंजाब सरकार ने एमएलए होने के बावजूद नजरअंदाज किया है और इस कार्यक्रम के उद्घाटन संबंधी उन्हें कोई निमंत्रण भी नहीं भेजा गया। नागरा ने कहा कि जैसे ही नींव पत्थर का मामला मीडिया के ध्यान में लाया गया तो पंजाब सरकार ने 20 जनवरी को होने वाले इस सड़क के उद्घाटन को मुलतवी कर दिया।
जिला फतेहगढ़ साहिब में सेंट्रल रिजर्व फंड फॉर रोडस के अंतर्गत सरहिंद से भादसों वाया गांव जल्ला, भमारसी रोड को 18 से 5 फुट और चौड़ा करने को लेकर केंद्र सरकार ने करीब 48 करोड़ रुपये की ग्रांट भेजी है। कांग्रेसी विधायक कुलजीत सिंह नागरा ने इस रोड को पिछले चार सालों से मेहनत कर पास करवाने की दावेदारी जताई है वहीं सड़क के नींव पत्थर पर अपना नाम न छापने और पूर्व अकाली विधायक दीदार सिंह भट्टी का नाम छापने का विरोध भी किया था। वहीं पूर्व अकाली विधायक दीदार सिंह भट्टी ने इस सड़क के नींव पत्थर में नागरा का नाम न छापे जाने की पुष्टि करते हुए कहा था कि विरोधी पार्टी के किसी विधायक का नाम छापना जरूरी नहीं है और नागरा को बिना वजह हर काम में अटकलें पैदा करने की आदत है।