मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने कहा कि कांग्रेस की अगुवाई वाली यूपीए सरकार की तरफ से की गई गलतियां एक साथ नहीं ठीक की जा सकती। वहीं नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली एनडीए सरकार ने अपने एक साल में देश और लोगों के विकास के लिए बहुत कार्य किए हैं।
बादल ने प्रधानमंत्री मोदी को उनकी सरकार के एक साल का समय पूरा करने पर बधाई दी। उन्होंने प्रशंसा की कि मोदी ने इस समय के दौरान आम लोगों की भलाई के लिए कई योजनाएं शुरू की। सीएम बादल ने रविवार को विधानसभा क्षेत्र पूर्वी में कई विकास कार्यों के नींव पत्थर रखे। उन्होंने कहा कि मोदी की अगुवाई में लोगों की भलाई के लिए जन धन योजना, स्वच्छ भारत अभियान, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, संसद आदर्श ग्राम योजना, प्रधानमंत्री बीमा सुरक्षा, अटल पेंशन योजना और प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजनाएं शुरू की गई हैं।
मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने बताया कि एनडीए सरकार के एक साल के समय में पंजाब को बड़ा फायदा हुआ है। इसके तहत केंद्र की ओर से पंजाब को कई अहम प्रोजेक्ट आल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस (एमस), इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट (आईआईएम) और पोस्ट ग्रेजुएट हॉर्टिकल्चर रिसर्च एंड एजुकेशन इंस्टीट्यूट दिए। इसके साथ राज्य का बड़ा विकास होना है। बादल ने भरोसा दिया कि राज्य सरकार व्यापारियों और उद्योगपतियों को वैट रिफंड की प्रक्रिया में तेजी लाएगी।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने किसानों को राहत देते हुए फसल के खराब होने पर मिलने वाले मुआवजे के लिए शर्तों को नरम किया है। इसके तहत अब 50 फीसदी की बजाए 33 फीसदी खराब वाली फसलों के लिए भी मुआवजा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस फैसले के साथ राज्य के उन किसानों को भारी लाभ मिलेगा जिनकी फसलें बेमौसम बारिश के साथ नुकसान हुई हैं।
जैन कॉलोनी में लोगों को संबोधित करते हुए बादल ने राज्य सरकार ने पंजाब के इतिहास को जिंदा रखने के लिए बड़े कार्य शुरू किए हुए हैं। इसके तहत एक हजार करोड़ की लागत से देश और राज्य के लिए जान देने वाले शहीदों के स्मारक तैयार किए जा रहे हैं।
इस मौके पर सिंचाई मंत्री शरणजीत सिंह ढिल्लों, मुख्यमंत्री के सलाहकार महेशइंद्र सिंह गरेवाल, मुख्य संसदीय सचिव चौधरी नंद लाल, विधायक रंजीत सिंह ढिल्लों, विधायक मनप्रीत सिंह अय्याली, संता सिंह उम्मैदपुरी और जिला भाजपा प्रधान प्रवीण बांसल मौजूद थे।