लुधियाना के थाना जोधेवाल क्षेत्र में रिश्तों और भरोसे को तार-तार करने वाला एक मामला सामने आया है। यहां शादी का झांसा देकर 15 वर्षीय नाबालिग किशोरी को अपनी हवस का शिकार बनाया गया। आरोपी न केवल विरोध करने पर पीड़िता को जान से मारने की धमकियां देता था, बल्कि गर्भ ठहरने से रोकने के लिए उसे डॉक्टर के पास ले जाकर दवाइयां भी दिलवाता था। पीड़िता के गुमसुम रहने पर जब परिजनों ने सख्ती से पूछताछ की, तो इस सच से पर्दा उठा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना जोधेवाल पुलिस ने पीड़िता की मां की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी प्रदुम्न भारद्वाज और अजय के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पुलिस को दर्ज कराए गए बयानों में पीड़िता की मां ने बताया कि उनकी 15 वर्षीय बेटी पिछले काफी समय से मानसिक तनाव में थी और बेहद परेशान रहती थी। बेटी के व्यवहार में आए इस बदलाव से परिजनों को अनहोनी का शक हुआ। जब मां ने विश्वास में लेकर बेटी से उसकी परेशानी का कारण पूछा, तो वह फूट-फूट कर रो पड़ी और पूरी आपबीती सुनाई।