लुधियाना (हलवारा)। थाना सुधार की पुलिस ने सगे मामा की 15 वर्षीय नाबालिग बेटी से दुष्कर्म करने और गर्भवती होने पर उसके साथ गैरकानूनी तरीके से शादी करने के आरोप में थाना सुधार की पुलिस ने आरोपी साहिल कुमार के खिलाफ बाल विवाह एक्ट 2006 एंव पॉस्को एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। सवा साल चली लंबी जांच के बाद मंत्री अरुणा चौधरी के हस्तक्षेप से मामला दर्ज हो पाया है। लुधियाना ग्रामीण पुलिस के एसएसपी चरणजीत सिंह सौहल ने मामले की जांच का जिम्मा सब इंस्पेक्टर रूपिंदर कौर को सौंपा है।
पंच राजिंदर सिंह ने 21 दिसंबर 2020 को इसकी शिकायत मंत्री अरुणा चौधरी, महिला बाल सुरक्षा विभाग पंजाब, डीजीपी पंजाब, डीसी लुधियाना एंव आईजी रेंज को इसकी शिकायत कर दी गई। इसके अलावा पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में भी याचिका दायर कर दी। इससे जिला ग्रामीण पुलिस में हड़कंप मच गया। आनन फानन में आरोपी साहिल के खिलाफ मामला दर्ज कर दिया गया। पीड़ित अपनी बुआ के घर किराए के मकान में ही रहती थी। वहां साहिल ने उसके साथ लगातार दुष्कर्म कर उसे गर्भवती किया और फिर बचने के लिए गैर कानूनी तरीके से उसके साथ मुल्लापुर दाखा के एक चर्च में ईसाई रीति रिवाज से शादी कर ली। पंच राजिंदर सिंह ने लड़की, लड़के के मां-बाप, मकान मालिक औप शादी करवाने वाले पास्टर विल्सन के खिलाफ भी शिकायत की थी, पुलिस ने सिर्फ साहिल पर ही मामला दर्ज किया है। पंच राजिंदर सिंह का कहना है कि वह एफआईआर से संतुष्ट नहीं है। वकीलों से कानूनी सलाह के बाद लेंगे। उन्होंने बताया इस गैर कानूनी विवाह में दोनो तरफ के लोगों और मकान मालिक की भूमिका संदेहजनक है।
उल्लेखनीय है कि 23 नवंबर 2019 को पंच राजिंदर सिंह ने मामले की शिकायत एसएसपी ग्रामीण लुधियाना को दी थी। डीएसपी हेडक्वार्टर ने जांच करने के बाद 11 मार्च 2020 को टिप्पणी लेने के लिए फाइल महिला बाल सुरक्षा विभाग को भेज दी थी। जिला महिला बाल सुरक्षा विभाग ने कोई टिप्पणी नहीं दी। इस दौरान पीड़िता ने एक बेटे को भी जन्म दे दिया। थक कर पंच राजिंदर सिंह ने मंत्री अरुणा चौधरी सहित अन्य से नए सिरे से शिकायत कर दी। इस संबंध में जिला महिला एवं बाल सुरक्षा अधिकारी रश्मि का कहना है कि कोविड 19 के कारण वह बतौर फ्रंट वॉरियर काम कर रही थीं। इसी कारण मामले के निपटारे में देरी हुई। अब कोविड में थोड़ी राहत मिलते ही लंबित मामले निपटाए जा रहे है। थाना सुधार के प्रभारी जसबीर सिंह बुट्टर ने बताया कि आरोपी साहिल की तलाश की जा रही है। मामले की जांच सब इंस्पेक्टर रुपिंदर कौर कर रही हैं।