संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। मोती नगर इलाके में अपनी सहेली के साथ पार्क में घूमने गई नाबालिग को अगवा कर नकाबपोश दो युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। थाना मोती नगर पुलिस ने नाबालिग की मां की शिकायत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने पीड़िता की मेडिकल जांच कराकर उसके स्वैब जांच केलिए भेज दिए है।
पुलिस ने लड़की के बयान भी अदालत में दर्ज करवा दिए है। लड़की के परिवार वाले इलाके के ही एक युवक और उसके दोस्तों पर आरोप लगा रहे हैं। पुुलिस का कहना है कि जांच की जा रही है। पीड़िता की मां की शिकायत के मुताबिक उनकी 12 वर्ष की बेटी अपनी सहेली के साथ तीन मार्च को पार्क में घूमने के लिए गई थी। वह और उसकी सहेली पार्क में बातें कर रही थी। इसी दौरान मुंह पर रुमाल बांधे दो युवक आ गए और उन्होंने नाबालिग की सहेली को धमकियां देकर भगा दिया।
इसके बाद नाबालिग को अपने साथ सेक्टर 39 स्थित एक स्कूल के पास ले गए। वहां दोनों ने उसके साथ दुष्कर्म किया और नाबालिग को धमकियां देकर फरार हो गए। युवती के परिवार वालों ने आरोप लगाया कि इलाके की झुज्गियों में रहने वाला युवक अपने साथियों के साथ इस वारदात को अंजाम दे फरार हुआ है। जांच अधिकारी एएसआई राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस पार्टी ने पीड़िता की मेडिकल जांच करवा दी है। आरोप की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।