संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। साहनेवाल रोड स्थित खासी कलां के एक रसोई गैस डिपो में देर रात चोरी हो गई। छह नकाबपोश बदमाश दीवार फांदकर डिपो में घुसे। वे एक ऑटो रिक्शा, 27,500 रुपये और एक मोबाइल फोन चुराकर फरार हो गए।
कारोबारी अनुप्रीत सिंह के अनुसार, यह वारदात बुधवार और वीरवार की मध्यरात्रि को हुई। इस दाैरान डिपो परिसर में कर्मचारी सो रहे थे। बदमाशों ने 30 खाली सिलिंडर से लदा ऑटो रिक्शा, 27,500 रुपये और कर्मचारी जोगिंदर की जेब से मोबाइल भी चुरा लिया। शातिर चोर मुख्य द्वार का ताला खोलकर चोरी के वाहन समेत अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गए। सुबह जब जोगिंदर को अपना मोबाइल नहीं मिला, तब उसे चोरी का पता चला। बाहर खड़ा तिपहिया वाहन भी गायब था। तुरंत मालिक और स्थानीय थाने को सूचना दी गई। पुलिस दल ने घटनास्थल पर पहुंचकर सबूत जुटाए हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है।