संवाद न्यूज एजेंसी
हलवारा। रायकोट में शुक्रवार देर रात एक ट्रैवल एजेंट के घर से 38 लाख रुपये से अधिक की नकदी और सोने के आभूषण चोरी हो गए। चोरों ने घर के ताले तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परिवार के अनुसार, चोर 15 लाख रुपये से अधिक की नकदी और करीब 22 से 23 लाख रुपये के सोने के आभूषण ले गए। ट्रैवल एजेंट मनीष खन्ना शुक्रवार देर रात परिवार के साथ घर लौटे तो चोरी का पता चला। घर के दरवाजे और अलमारियां टूटी हुई थीं। बताया गया है कि चोरी हुई नकदी विदेश भेजने के लिए लोगों से ली गई थी। मनीष खन्ना की मुल्लांपुर दाखा में एक ट्रैवल एजेंसी है। थाना सिटी रायकोट के प्रभारी सुरजीत सिंह और डीएसपी शिव कमल समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची। फिंगरप्रिंट और फॉरेंसिक टीमों ने भी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शनिवार शाम शिकायतकर्ता के बयान दर्ज किए। रायकोट में लगातार हो रही चोरी की वारदात से लोगों में डर बढ़ रहा है। शहरवासियों ने पुलिस प्रशासन से रात में गश्त बढ़ाने की मांग की है। पुलिस फिलहाल फिंगरप्रिंट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों की तलाश कर रही है। मनीष खन्ना कनाडा के सांसद अर्पण खन्ना के करीबी रिश्तेदार हैं।