संवाद न्यूज एजेंसी
मानसा। गांव जवाहरके में एक विवाहित महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। पुलिस ने इस मामले में महिला के पति सहित चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
थाना सिटी-1 पुलिस ने यह कार्रवाई मृतक रुपिंदर कौर उर्फ रुबी के चाचा गांव मंढाली निवासी बाबू सिंह की शिकायत पर की है। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनकी भतीजी रुपिंदर कौर की शादी 10 दिसंबर 2025 को गांव जवाहरके के जतिंदर सिंह से हुई थी। रुपिंदर कौर ने उसे बताया था कि उसका ससुराल परिवार उसे दहेज लाने के लिए परेशान करता था। बाबू सिंह को दोपहर एक बजे फोन आया कि रुपिंदर कौर ने फंदा लगा लिया है। परिवार के मौके पर पहुंचने पर रुपिंदर कौर का शव चारपाई पर पड़ा मिला। थाना सिटी-1 के एएसआई गगनदीप सिंह ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया है। मृतक महिला के पति जतिंदर सिंह को मुख्य आरोपी बनाया गया है। उसके पिता दारा सिंह, माता बलजीत कौर और बहन हरप्रीत कौर भी नामजद आरोपियों में शामिल हैं। पुलिस ने इस मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।