पांच प्यारों की अगुवाई में निकाले जा रहे खालसा मार्च को पुलिस ने रोका
- फोटो : अमर उजाला
जिले के भगता भाईका में हुई श्री गुरु ग्रंथ साहिब के अंगों की बेअदबी के विरोध में विभिन्न सिख जत्थेबंदियों की ओर से रविवार को निकाले जाने वाले रोष प्रदर्शन को पुलिस ने नाकाम कर दिया। उन्होंने सिख जत्थेबंदियों के नेताओं को हिरासत में लिया। सिख इतिहास में यह पहली बार हुआ है कि पुलिस ने प्रदेश सरकार की शह पर पांच प्यारों की अगुवाई में निकाले जा रहे खालसा मार्च को रोक कर बादल सरकार के लिए एक बड़ी मुसीबत खड़ी कर दी है।
विभिन्न सिख जत्थेबंदियों की ओर से रविवार को भगता से बरगाड़ी तक रोष मार्च निकालना था, लेकिन इस कार्यक्रम को असफल बनाने के लिए पुलिस ने रोष मार्च के 48 घंटे पहले पूरे प्रदेश भर से सिख गर्म ख्याली नेताओं को गिरफ्तार कर लिया था। इसके बावजूद भी कुछ सिख नेता भगता में दाखिल होने में कामयाब हो गए थे। जिस का पता चलने पर पुलिस ने उन्हें भी हिरासत में ले लिया।
वहीं दूसरी तरफ सिख प्रचारक और सरबत खालसा द्वारा तख्त श्री दमदमा साहिब के नियुक्त किए गए जत्थेदार बलजीत सिंह दादूवाल हरियाणा के गांव दादू से तलवंडी साबो तक पांच प्यारों की अगुवाई में खालसा मार्च लाने में कामयाब तो हो गए लेकिन पुलिस ने उन्हें तलवंडी के बठिंडा चौक पर रोक लिया।
पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर जब सिख संगतों ने विरोध किया तो पुलिस ने अपनी गलती मानते हुए तुरंत पांच प्यारों को किसी सुरक्षित जगह पर पहुंचाया।
सिख नेता बलजीत सिंह दादूवाल ने कहा कि बादल सरकार को सिख संगत आने वाले चुनाव में जवाब मुंह तोड़ जवाब देगी।