आम आदमी पार्टी (आप) के प्रवक्ता और सांसद भगवंत मान ने मोदी सरकार को देश के संघीय ढांचे के लिए खतरनाक करार दिया है। मान खन्ना में पत्रकार सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उनके साथ पंजाब डायलॉग टीम के प्रमुख कंवर संधू, दिल्ली डायलॉग आयोग के चेयरमैन अशीष खेतान और पार्टी के युवा विंग के प्रधान हरजोत सिंह बैंस उपस्थित थे।
सांसद ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को बताए बगैर 11 उच्चाधिकारियों के तबादले और उनके दो प्रमुख अधिकारियों को सीबीआई द्वारा हिरासत में लेने को संघीय ढांचे पर हमला करार दिया। मान ने कटाक्ष किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक और सीबीआई बना लेनी चाहिए, क्योंकि वर्तमान सीबीआई को तो केवल केजरीवाल सरकार और आम आदमी पार्टी के नेताओं के पीछे लगाया हुआ है।
भगवंत मान ने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की चढ़त से परेशान होकर अकाली-भाजपा और कांग्रेस बौखला चुके हैं। हर रोज आप नेताओं पर झूठे मामले दर्ज किए जा रहे हैं। भगवंत मान ने कैबिनेट मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया पर भी निशाना साधा। भगवंत मान ने अरविंद केजरीवाल के तीन दिवसीय पंजाब दौरे को बेहद सफल बताया।
उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल पंजाब के लोगों के मन की बात को सुनने आते हैं और नरेंद्र मोदी की तरह सुनाने में विश्वास नहीं रखते। उन्होंने कहा कि इस बार पंजाब के व्यापारी, उद्योगपति, ट्रांसपोर्टर और अन्य वर्ग खुलकर पंजाब की बादल सरकार के खिलाफ बोले हैं। लुधियाना में पत्रकारों ने भी पंजाब की बादल सरकार के अत्याचार की कहानी अरविंद केजरीवाल को सुनाई।
मेनीफेस्टो मुद्दे पर संधू और खेतान ने मांगी माफी
प्रेस कांफ्रेंस के दौरान आम आदमी पार्टी की चुनावी घोषणा पत्र तैयार करने वाली पंजाब डायलॉग के प्रमुख कंवर संधू और दिल्ली डायलॉग आयोग के चेयरमैन अशीष खेतान ने यूथ मेनिफेस्टो के मुद्दे पर स्पष्टीकरण देते हुए माफी मांग ली है। खेतान ने कहा कि यूथ मेनिफेस्टो के कार्यक्रम के दौरान उनके मुंह से अनजाने में निकले कुछ शब्दों के लिए वह माफी मांगते हैं।
उन्होंने कहा कि उनका इरादा किसी भी वर्ग, समुदाय या व्यक्ति विशेष की भावनाओं को आहत करना नहीं था। कंवर संधू ने कहा कि यूथ मेनीफेस्टो के कवर पेज को लेकर कुछ लोगों के एतराज आए हैं। उन्होंने कहा कि यदि एक भी व्यक्ति की भावनाएं आहत हुई हैं तो वह माफी मांगते हैं। कंवर संधू ने स्पष्ट किया कि भविष्य में ऐसी बात का विशेष ध्यान रखा जाएगा और यूथ मेनिफेस्टो के कवरपेज को भी बदला जाएगा।