जगरांव के गांव हांस कलां निवासी एक युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान कुलजिंदर सिंह के रूप में हुई है। परिजनों ने युवक के दोस्त पर उसे नशे की ओवरडोज देने और शव रायकोट रोड पर ढाबे के पास फेंककर फरार होने के गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं, पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल में रखवा दिया है। मामले में ओवरडोज की आशंका जताई जा रही है, लेकिन मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा।
चौकीमान से दोस्त के साथ गया था युवक, फिर नहीं लौटा घर
मृतक की मां जगदेव कौर ने बताया कि उनका बेटा काम के सिलसिले में राजस्थान गया हुआ था। वहां से लौटने पर वह चौकीमान उतर गया, जहां उसकी पोती मिली। पोती ने बताया कि कुलजिंदर का दोस्त उसे लेने आ रहा है। इसके बाद वह दोस्त के साथ चला गया, लेकिन रात तक घर नहीं पहुंचा। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की तो पता चला कि दोस्त उसे चौकीमान से लेकर गया था। जब उन्होंने दोस्त के मोबाइल पर संपर्क किया तो उसने फोन नहीं उठाया। बाद में परिजन उसके गांव पहुंचे तो दोस्त ने बताया कि उसने कुलजिंदर को रायकोट अड्डे के पास उतार दिया था और उसके बाद वह कहां गया, उसे कोई जानकारी नहीं है।
दोस्त से बार-बार पूछा, लेकिन नहीं मिला जवाब
मृतक की मां के अनुसार, दोस्त से बार-बार पूछने पर उसने किसी तरह की मारपीट या अन्य घटना से इनकार किया और कहा कि वह कुलजिंदर को जगरांव उतारकर घर चला गया था। मां ने बताया कि उनका बेटा रात करीब डेढ़ बजे घर आया था और पूरी रात जागता रहा। इसके बाद परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज करवाई, लेकिन उन्हें कोई मदद नहीं मिली। मां ने दावा किया कि उनका बेटा पहले नशे की गिरफ्त में था, लेकिन पिछले कई महीनों से उसने नशा छोड़ दिया था।
काम के पैसे भेजकर मां को मोटर ठीक करवाने को कहा था
मां ने बताया कि राजस्थान में काम करते समय कुलजिंदर घर के खर्च के लिए पैसे भी भेजता था। उसने फोन कर कहा था कि मोटर आदि ठीक करवा लें, बाकी पैसे काम खत्म होने के बाद साथ लेकर आएगा। महिला ने बताया कि पहले ही एक बेटे की मौत हो चुकी है और अब दूसरे बेटे की मौत ने उसे पूरी तरह तोड़ दिया है। दोनों बच्चों की जिम्मेदारी अब उसके कंधों पर आ गई है।
भतीजे ने भी दोस्त पर जताया शक
मृतक के भतीजे हरपिंदर सिंह ने बताया कि उसका चाचा एक नवंबर को राजस्थान से लौटकर चौकीमान उतरा था। वहां चचेरी बहन मिली, जो लुधियाना जा रही थी। उसने चाचा को परिजनों से संपर्क करवाने की बात कही, लेकिन चाचा ने बताया कि उसका दोस्त उसे लेने आ रहा है। हरपिंदर ने आरोप लगाया कि दोस्त उसके चाचा को अपने साथ ले गया और बाद में रायकोट रोड पर एक ढाबे के पास शव फेंककर फरार हो गया। उसने बताया कि चाचा के घर नहीं पहुंचने पर अगले दिन दोस्त से संपर्क किया गया तो उसने रायकोट रोड पर उतारने की बात कही। तीसरे दिन गांव की पंचायत दोस्त के घर पहुंची, लेकिन वह घर से फरार मिला। अब चाचा का शव मिलने के बाद परिवार दोस्त पर गंभीर संदेह जता रहा है।
शिकायत के आधार पर होगी कार्रवाई: थाना प्रभारी
थाना सिटी के प्रभारी परमिंदर सिंह ने बताया कि परिजनों को शिकायत देने के लिए कहा गया है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मृतक का शव सरकारी अस्पताल में रखवा दिया गया है, जहां पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।