जमीन विवाद में शेरपुर स्थित स्वर्ण मोहन मंदिर के पास रहने वाली रानी (34) को उसके पड़ोसियों ने मिट्टी का तेल डाल कर आग लगा दी। परिजनों ने किसी तरह आग पर काबू पा झुलसी महिला को सिविल अस्पताल में दाखिल
कराया जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
सूचना मिलने के बाद थाना फोकल प्वाइंट की पुलिस मौके पर पहुंची। डॉक्टरों की इजाजत न मिलने के कारण पुलिस पीड़ित महिला के बयान नहीं ले पाई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार रानी का पति राजेश कुमार थिएटर में काम करता है। उसका अपने पड़ोसियों के साथ कुछ जमीन का विवाद चल रहा था। जिस वजह से कई बार उनके साथ नोकझोंक भी हुई थी। शुक्रवार को रानी घर में थी तो पड़ोसियों के साथ उसकी कहासुनी हो गई।
कहासुनी के दौरान उसके पड़ोसियों ने उसे तेल डाल कर आग लगा दी। रानी के चीखने की आवाज सुन कर आस-पास के लोग इकट्ठा हो गए। लोगों को इकट्ठा होते देख पड़ोसी वहां से फरार हो गए।
लोगों ने तुरंत किसी तरह आग पर काबू पाया और उसे इलाज के लिए पास के निजी अस्पताल दाखिल कराया। जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत को देखते हुए उसे सिविल अस्पताल रेफर कर दिया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
थाना फोकल प्वाइंट के एसएचओ इंस्पेक्टर गुरमीत सिंह ने कहा कि सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर गई थी, लेकिन झुलसी महिला को अस्पताल में दाखिल करा दिया गया था।
सिविल अस्पताल में उसके बयान लेने के लिए पुलिस गई तो डाक्टरों ने उसकी हालत का हवाला देते हुए बयान दर्ज नहीं करने दिए। पुलिस महिला के ठीक होने का इंतजार कर रही है ताकि उसके बयान दर्ज करने के बाद अगली कार्रवाई की जाए।