लुधियाना। सट्टेबाजी में लाखों रुपये हारने के बाद सट्टेबाजो की धमकियों से परेशान चल रहे बाबा थान सिंह चौक निवासी कमलजीत सिंह ने अपने घर फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। घटना का पता उस समय चला जब उसके परिवार वाले उसे कमरे में बुलाने के लिए गए। अंदर शव लटकता देख उनके होश उड़ गए। सूचना मिलने के बाद थाना डिविजन तीन की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने जांच की तो पता चला कि कमलजीत सिंह सट्टेबाजी में लाखों रुपये हार चुका था और उसका करीब सात लाख रुपये देना बाकी था। सट्टेबाज उसे परेशान कर रहे थे। जिस कारण उसने आत्महत्या की है। कमलजीत के भाई तरुणप्रीत सिंह की शिकायत पर थाना डिविजन तीन की पुलिस ने अमरपुरा निवासी रुबल के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरु कर दी है।
तरुणप्रीत सिंह द्वारा पुलिस के पास दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक उसका भाई कमलजीत सिंह (31) ऑनलाइन आई फोन और स्मार्ट फोन की सेल परचेज का काम करता था। उसकी एक बेटी 6 साल की है। कुछ दिनों से वह मानसिक तौर पर परेशान चल रहा था। बाद में उसे पता चला कि वो बुकी के पास मैच फिक्सिंग करता है। जिसके चलते बुकी की उस पर 7 लाख रुपये से ज्यादा की देनदारी हो गई थी। पैसों के लिए बुकी उसे मैसेज भेजता, फोन करता और घर तक चले आता था। जिसके चलते वो ज्यादा परेशान रहने लगा। रविवार की रात उसने अपने कमरे में पंखे से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। सोमवार की सुबह जब परिवार उसे देखने कमरे में गया तो घटना का पता लगा। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में किसी को बख्शा नहीं जाएगा।