फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लग्जरी कार खरीद से कोई आर्थिक बोझ नहीं पड़ेगा : ढींढसा

Thu, 18 Feb 2016 09:46 PM IST
ब्यूरो, अमर उजाला/लुधियाना
विज्ञापन
विज्ञापन
वित्त मंत्री परमिंदर सिंह ढींढसा ने पंजाब में आर्थिक संकट के विपक्ष के आरोपों को दरकिनार किया है। ढींढसा वीरवार को गुरु नानक देव भवन में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य की वित्तीय स्थिति काफी मजबूत है और सूबे के मंत्रियों के लिए लैंडक्रूजर कारों की खरीद से राज्य पर कोई आर्थिक बोझ नहीं पड़ेगा।
विज्ञापन


सरकार ने मंत्रियों को लग्जरी कारें देने का फैसला सुरक्षा एजेंसियों की सिफारिश के बाद किया है। ढींढसा ने कहा कि सूबे के मंत्रियों और विधायकों के पास आठ साल पुरानी कारें हैं और उनमें अक्सर ब्रेक डाउन की शिकायत आती है। अब नई कारों की खरीद करना अनिवार्य हो गया है। वित्त मंत्री ने दावा किया कि सीएम, डिप्टी सीएम और अन्य वीवीआईपी, जिनको सुरक्षा कवच मिला है, के लिए आने वाली लैंडक्रूजर बुलेट प्रूफ होंगी।

सरकार ने 14 लैंड क्रूजर और इनोवा कार खरीदने का आर्डर दिया है। ढींढसा ने कहा कि कांग्रेस के पास सत्तापक्ष के बारे में गलत प्रचार के अलावा कोई एजेंडा नहीं है। सरकार के पास कोई वित्त संकट नहीं है। करोड़ों रुपये विकास कार्यों पर खर्च किए जा रहे हैं। ढींढसा ने कहा कि सूबा सरकार ने केंद्र से अतिरिक्त वित्तीय पैकेज की मांग की है। उन्होंने कहा कि अगले वित्त वर्ष का बजट जनता के हित में होगा। किसानों की समस्याओं को दूर करने का प्रयास किया जाएगा।
विज्ञापन


 
लुधियाना में वित्त मंत्री ने बांटी बुढ़ापा पेंशन
योजना और वित्त मंत्री परमिंदर सिंह ढींढसा ने वीरवार को गुरु नानक देव भवन में बुढ़ापा पेंशन बांटी। इस दौरान ढींढसा ने बताया कि सरकार ने जनवरी 2016 से बुजुर्गों की पेंशन राशि दोगुनी कर दी है। अब प्रति माह 500 रुपये पेंशन दी जा रही है। बुढ़ापा पेंशन दोगुना करने से सूबे में 11.56 लाख बुजुर्गों को लाभ पहुंचा है। लुधियाना में 2012 से दिसंबर 2015 तक विभिन्न योजनाओं के तहत लाभार्थियों को 156 करोड़ 32 लाख 38 हजार 750 रुपये की राशि वितरित की जा चुकी है। सरकार ने दिसंबर 2015 तक लाभार्थियों को पेंशन की राशि उनके खाते में जमा करा दी है। जनवरी 2016 की पेंशन राशि पंचायतों के खातों में भेजी जा चुकी है और सरपंच इनका वितरण कर रहे हैं। इस अवसर पर विधायक रंजीत सिंह ढिल्लों, दर्शन सिंह शिवालिक, हीरा सिंह गाबड़िया, राजिंदर भंडारी समेत कई लोग मौजूद रहे।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें