शराब पीने के दौरान हुए झगड़े के बाद दुश्मन बने दोस्तों ने स्कोडा कार सवार ललित कुमार उर्फ लक्की पंडित की गोली मारकर हत्या की थी। यह खुलासा पुलिस पूछताछ के दौरान गिरफ्तार किए गए चार आरोपियों ने किया। शनिवार को गिरफ्तार किए गए चारों आरोपियों कृष्ण कुमार, राहुल सैैणी, केशव और स्टेफू को पुलिस ने रविवार को अदालत में पेश किया। अदालत ने आगे की पूछताछ के लिए सभी आरोपियों को चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया।
सीआईए स्टाफ 2 के इंस्पेक्टर तरजिंदर सिंह ने बताया कि ललित कुमार उर्फ लक्की पंडित की अपने ही पास के मोहल्ले में रहने वाले कृष्ण कुमार, राहुल सैैणी, केशव एवं स्टेफू के साथ अच्छी दोस्ती थी। उन्होंने बताया कि दिसंबर 2019 में ललित चारों दोस्तों के साथ एक अहाते में शराब पी रहा था। इस दौरान चारों आरोपियों का ललित के साथ किसी बात को लेकर पहले विवाद हो गया था। कुछ दिन इन सबका आपस में समझौता हो गया था। इंस्पेक्टर ने बताया कि समझौता होने के बाद राहुल सैणी एवं कृष्ण कुमार, केशव और स्टेफू अपने दोस्त ललित के साथ रंजिश रखने लगे।
इसी रंजिश के कारण 21 अगस्त को चारों दोस्तों ने अपने साथियों के साथ मिलकर ललित कुमार को उस समय घेर लिया जब वह अपने भाई एवं दो अन्य दोस्तों के साथ अपनी स्कोडा कार पर सवार होकर इंप्रूवमेेंट ट्रस्ट के समीप से गुजर रहा था। आरोपियों ने 12 बोर बंदूक से ललित, उसके भाई एवं दोस्तों पर फायरिंग की। एक गोली ललित के माथे पर लगी थी। इलाज के दौरान ललित ने दम तोड़ दिया था। थाना सिविल लाइन पुलिस ने आरोपी कृष्ण कुमार, राहुल सैणी, केशव, स्टेफू, लाली मौड समेत दस के करीब अज्ञात आरोपियों पर हत्या एवं हत्या का प्रयास करने के आरोप में केस दर्ज कर लिया था।
इंस्पेक्टर ने बताया कि शनिवार को आरोपी कृष्ण कुमार, राहुल सैणी, केशव, स्टेफू वारदात में उपयोग की गई स्कार्पियो कार पर सवार होकर मलोट रोड से गुजर रहे थे। पुलिस ने उक्त चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल स्कार्पियो गाड़ी एवं 12 बोर की बंदूक बरामद की। बरामद12 बोर बंदूक को आरोपियों ने अवैध तौर पर रखा हुआ था। अदालत ने चारों आरोपियों को चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पूछताछ में पता चलेगा कि आरोपियों के पास बंदूक कैसे आई। इस के अलावा आरोपियों के साथी लाली मौड एवं अज्ञात आरोपियों के बारे में पता चल पाएगा।