किक बॉक्सिंग से लेकर बास्केटबॉल तक के खिलाड़ियों ने दिखाया दम
संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। पंजाब सरकार द्वारा आयोजित खेडां वतन पंजाब दीयां के तहत जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का लुधियाना में आगाज हो गया है। ब्लॉक स्तरीय मुकाबलों की सफलता के बाद अब खिलाड़ी जिला स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखा रहे हैं। शहर के विभिन्न खेल मैदानों और स्टेडियमों में कुल 29 खेलों में स्पर्धाएं शुरू हुई हैं। प्रतियोगिता के पहले चरण के कई मुकाबलों के नतीजे भी घोषित किए गए हैं।
इन प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों का उत्साह बना हुआ है। किक बॉक्सिंग, बास्केटबॉल, सॉफ्टबॉल, फेंसिंग और हॉकी जैसे खेलों में युवा खिलाड़ियों ने प्रदर्शन किया। किक बॉक्सिंग अंडर-14 बालिकाओं के मुकाबलों में यामिनी, स्नेहा, हरवीन कौर, सुनीधि घोष, खुशमाया और कारवी सचदेवा ने अपने-अपने भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीते। बास्केटबॉल अंडर-17 बालिका वर्ग में दिल्ली पब्लिक स्कूल और गुरु नानक पब्लिक स्कूल जैसी टीमों ने जीत दर्ज की। बालक वर्ग में डायनामिक क्लब और डीजीएसजी अकादमी का दबदबा रहा। सॉफ्टबॉल अंडर-14 बालिका वर्ग के सेमीफाइनल में पीएम श्री कासाबाद और कोचिंग सेंटर मल्लहा ने फाइनल में जगह बनाई। अंडर-17 बालिका वर्ग के क्वार्टर फाइनल में सरकारी कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल गिल और पीएम श्री कासाबाद ने जीत हासिल की। फेंसिंग में करण कुमार, अनंत बत्रा, नमनदीप सिंह, सतनाम, कुलविंदर सिंह और आरव ने स्वर्ण पदक जीते।
सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्मार्ट स्कूल, पीएयू में किक बॉक्सिंग अंडर-14 बालिकाओं के मुकाबले हुए। 28 किग्रा में यामिनी ने स्वर्ण, सिमरन ने रजत जीता। 32 किग्रा में स्नेहा पहले और मानिया दूसरे स्थान पर रहीं। 37 किग्रा में हरवीन कौर ने पहला, अवलनूर कौर ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। 42 किग्रा में सुनीधि घोष विजेता बनीं, जबकि 47 किग्रा में खुशमाया ने बाजी मारी। +47 किग्रा वर्ग में कारवी सचदेवा ने पहला स्थान हासिल किया। गुरु नानक स्टेडियम में बास्केटबॉल अंडर-17 बालिका वर्ग में दिल्ली पब्लिक स्कूल ने दोराहा पब्लिक स्कूल को 29-14 से हराया।
बास्केटबॉल अंडर-17 बालक वर्ग में डायनामिक क्लब ने आर्य स्कूल को 14-0 से हराया। डीजीएसजी अकादमी ने बीसीएम आर्य को 25-11 से मात दी। एससीडी सरकारी कॉलेज फॉर बॉयज में सॉफ्टबॉल अंडर-14 बालिका वर्ग के सेमीफाइनल हुए। पीएम श्री कासाबाद और कोचिंग सेंटर मल्लहा ने फाइनल में प्रवेश किया। अंडर-17 बालिका वर्ग के क्वार्टर फाइनल में सरकारी कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल गिल और पीएम श्री कासाबाद ने जीत दर्ज की। टच फेंसिंग क्लब में फेंसिंग के कड़े मुकाबले देखने को मिले।
फेंसिंग और हॉकी के नतीजे :
अंडर-14 बालक वर्ग के इप्पी इवेंट में करण कुमार ने स्वर्ण जीता। फॉयल इवेंट में अनंत बत्रा और सेबर इवेंट में नमनदीप सिंह विजेता बने। अंडर-17 बालक फेंसिंग में सतनाम, कुलविंदर सिंह और आरव ने अपने-अपने इवेंट में पहला स्थान प्राप्त किया। ओलंपियन पृथ्वीपाल सिंह हॉकी स्टेडियम, पीएयू में हॉकी के फाइनल मुकाबले खेले गए। अंडर-14 बालिका वर्ग में सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्मार्ट स्कूल मुंडियां कलां ने पहला स्थान हासिल किया। अंडर-17 बालिका वर्ग में चचराड़ी की टीम पहले स्थान पर रही।